11 साल के बेटे ने दी मुखाग्नि तो रो पड़ा पूरा गांव, हापुड़ में लेफ्टिनेंट कर्नल जयंत को दी गई अंतिम विदाई
नागालैंड में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए लेफ्टिनेंट कर्नल जयंत सिंह बालियान का हापुड़ के भटैल गांव में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार हुआ। उनके 11 वर् ...और पढ़ें

लेफ्टिनेंट कर्नल जयंत सिंह बालियान को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।
HighLights
लेफ्टिनेंट कर्नल जयंत सिंह बालियान का सैन्य सम्मान से अंतिम संस्कार।
11 वर्षीय बेटे आरूष ने नम आंखों से दी मुखाग्नि।
हापुड़ के भटैल गांव में उमड़ा जनसैलाब, दी श्रद्धांजलि।
जागरण संवाददाता, हापुड़। भारतीय सेना की तीन-सिग्नल कोर में सेवारत और नागालैंड के दीमापुर में तैनात लेफ्टिनेंट कर्नल जयंत सिंह बालियान का शनिवार को उनके पैतृक गांव भटैल में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
ड्यूटी के दौरान ही उनको ब्रेन हेमरेज हुआ था, जिसके चलते छह अगस्त को कमांड अस्पताल, कोलकाता में निधन के बाद उनका पार्थिव शरीर आज पैतृक गांव भटैल में पहुंचा तो क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘जयंत सिंह अमर रहें’ के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।

अंतिम संस्कार के अवसर पर उपस्थित शहर विधायक और पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी।
11 वर्षीय बेटे आरूष ने दी मुखाग्नि
अंतिम संस्कार के दौरान 92 मीडियम रेजिमेंट के 20 जवानों की टुकड़ी ने कैप्टन दीपक शर्मा और नायब सूबेदार अजब सिंह के नेतृत्व में गार्ड ऑफ ऑनर देकर अपने वीर अधिकारी को अंतिम सलामी दी। इस दौरान माहौल बेहद भावुक हो गया, जब लेफ्टिनेंट कर्नल के 11 वर्षीय पुत्र आरूष बालियान ने अपने पिता को मुखाग्नि दी।
जयंत सिंह बालियान का परिवार भी सैन्य परंपरा से जुड़ा रहा है। उनके बड़े भाई भारतीय सेना में हवलदार के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। अंतिम विदाई के दौरान परिवार, रिश्तेदारों और ग्रामीणों की आंखें नम रहीं।
अंतिम यात्रा में सेना के अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। ईबीएस बाबूगढ़ के कमांडेंट ब्रिगेडियर विशाल नंदा ने थल सेनाध्यक्ष की ओर से पुष्पचक्र अर्पित कर अंतिम सलामी दी। पूर्व वायुसेना अधिकारी वारंट आफिसर मनबीर सिंह ने पूर्व सैनिकों की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की।
हापुड़ सदर विधायक विजयपाल आढ़ती, 3 सिग्नल कोर और 92 मीडियम रेजिमेंट के अधिकारियों, ईबीएस एडम कमांडेंट कर्नल मयूर वैष्णव, उपजिलाधिकारी हापुड़ सदर, कोतवाली प्रभारी हापुड़ और थानाध्यक्ष हाफिजपुर ने भी पुष्पचक्र अर्पित कर वीर सैन्य अधिकारी को नमन किया।
खबरें और भी
अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, क्षेत्रीय नागरिक और ग्रामीण शामिल हुए। सभी ने अश्रुपूरित आंखों से देश की सेवा करने वाले अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई दी।
यह भी पढ़ें- तीर्थ नगरी में भक्ति का अनोखा नजारा, हापुड़ में DM और SP ने हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर बरसाए फूल