हापुड़ 'लुटेरी दुल्हन' मामला: सीसीटीवी में अकेले जाती दिखी युवती, पंडित राकेश शास्त्री पर गहराया शक
हापुड़ में शादी के अगले दिन दुल्हन लाखों के जेवर लेकर फरार हो गई, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज ...और पढ़ें

दुल्हन को सीसीटीवी में अकेली जाते देखा गया।
HighLights
शादी के अगले दिन दुल्हन लाखों के जेवर लेकर फरार।
सीसीटीवी फुटेज में दुल्हन अकेली घर से जाती दिखी।
पुलिस अब शादी कराने वाले पंडित की भूमिका जांच रही।
संवाद सहयोगी, सिंभावली। 14 अगस्त को रामपुर स्थित शिव मंदिर में शादी के बाद लाखों रुपये के जेवर लेकर दुल्हन के फरार होने के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। सीसीटीवी फुटेज में दुल्हन अकेली जाती दिखाई दे रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हाईवे तक पहुंचने के बाद उसने किस वाहन का सहारा लिया।
मामले में पति की तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस की जांच में शादी कराने वाले पंडित राकेश शास्त्री की भूमिका भी सामने आ रही है।
थाना क्षेत्र के लिसड़ी उर्फ भगवतीपुर गांव निवासी विनोद कुमार ने बताया कि करीब तीन माह पहले उसने शादी के लिए हल्द्वानी निवासी एक पंडित से संपर्क किया था। पंडित ने युवती को गरीब परिवार का बताते हुए उसके माता-पिता को कुछ धनराशि देने की बात कही थी। इसके बाद मंदिर में शादी कराने की बात तय हुई।
पंडित ने सीमा नाम की युवती से उसकी शादी कराई
विनोद के अनुसार 14 अगस्त को वह अपनी मां जयवीरी, भाई मनोज और अन्य स्वजन के साथ रामपुर स्थित शिव मंदिर पहुंचा। वहां पंडित ने सीमा नाम की युवती से उसकी शादी कराई। शादी के बाद युवती की मां को एक लाख रुपये दिए गए, जबकि पंडित ने शादी कराने के नाम पर 2100 रुपये लिए।
तलाश करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला
इसके बाद विनोद पत्नी को अपने घर ले आया। विनोद ने बताया कि उसने पत्नी को पहनने के लिए एक जोड़ी पायल, कानों की बालियां, चांदी का हार और सोने का मंगलसूत्र दिया था। आरोप है कि 15 अगस्त की रात करीब दो बजे पत्नी सभी जेवर लेकर घर से निकल गई। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दुल्हन अकेली जाती दिखाई दे रही है। अब पुलिस हाईवे और आसपास के कैमरों की फुटेज के जरिए उसके आगे जाने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद चौधरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य तथ्यों की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- हापुड़ के धनौरा रोड पर कार सवार दबंगों का तांडव, युवक की पीट-पीटकर हत्या
