बकरी चराने गई नाबालिग से झाड़ियों में गैंगरेप, बदहवास हाल में खेतों में मिली; केस दर्ज
हापुड़ के धौलाना क्षेत्र में बकरी चराने गई एक नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता खेतों में बदहवास हालत में मिली, जि ...और पढ़ें

धौलाना में दो युवकों ने नाबालिग से किया सामूहिक दुष्कर्म। फोटो- एआई जनरेटेड
HighLights
नाबालिग किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का मामला।
धौलाना क्षेत्र में बकरी चराने गई थी पीड़िता।
दो आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया केस।
केशव त्यागी, हापुड़(धौलाना)। हापुड़ के थाना धौलाना क्षेत्र के एक गांव में बकरी चराने गई नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आने से क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई है।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने गांव के ही दो युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। दुष्कर्म का शिकार पीड़िता खेतों में बदहवास हालत में मिली थी। जिसके बाद से ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर थाना धौलाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी अपनी छोटी बहन के साथ जंगल में बकरी चराने के लिए गई थी। कुछ समय बाद किशोरी ने अपनी छोटी बहन को बकरियां लेकर घर वापस जाने के लिए कह दिया और स्वयं बकरियों के लिए चारा लेने जंगल की ओर चली गई।
दो युवकों ने की हैवानियत
काफी समय बीत जाने के बाद भी जब किशोरी घर नहीं पहुंची तो स्वजन को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू कर दी।
देर शाम खोजबीन के दौरान किशोरी गांव के पास स्थित खेतों में बदहवास हालत में मिली।
स्वजन के पूछने पर पीड़िता ने बताया कि गांव के ही दो युवक उसे बहला-फुसलाकर झाड़ियों में ले गए और उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए।
मजिस्ट्रेट के सामने भी दर्ज होंगे पीड़िता के बयान
घटना की जानकारी मिलते ही स्वजन किशोरी को लेकर थाना धौलाना पहुंचे और दोनों आरोपितों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक अवनीश शर्मा ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करा दिया गया है।
फोरेंसिक जांच के लिए उसे हापुड़ भेजा गया है। साथ ही मजिस्ट्रेट के समक्ष भी पीड़िता के बयान दर्ज कराए जा रहे हैं। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।