विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हापुड़ में पुरानी रंजिश में फार्म हाउस में घुसकर हमला, सिर समेत शरीर पर आईं गंभीर चोटें; घायल की मौत

Published: Sat, 29 Aug 2026 11:47 AM (IST)

हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में पुरानी रंजिश के चलते फार्म हाउस में हुए जानलेवा हमले में घायल महकार सिंह की मेरठ ...और पढ़ें

परिजनों का रो-रोकर हुआ बुरा हाल। जागरण

परिजनों का रो-रोकर हुआ बुरा हाल। जागरण

HighLights

  1. फार्म हाउस में पुरानी रंजिश के चलते हमला।

  2. गंभीर रूप से घायल महकार सिंह की मौत।

  3. पुलिस अब हत्या की धाराओं में करेगी कार्रवाई।

केशव त्यागी, हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र में फार्म हाउस के कमरे में घुसकर एक व्यक्ति पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से किए गए जानलेवा हमले के मामले में घायल की उपचार के दौरान मौत हो गई। गंभीर हालत में उसे मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मौत की सूचना मिलते ही स्वजन में कोहराम मच गया। स्वजन ने आरोपितों के खिलाफ हत्या की कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है।

डंडे और धारदार हथियार लेकर कमरे में घुसे

गांव शाहपुर चौधरी निवासी जतिन ने थाना गढ़मुक्तेश्वर में दी तहरीर में बताया कि 28 अगस्त की रात करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच उसके पिता महकार सिंह कन्यापुर रोड स्थित अंडा फैक्ट्री के पास फार्म हाउस के कमरे में आराम कर रहे थे।

आरोप है कि इसी दौरान गांव के मुकेश पुत्र मदन, अमित पुत्र हरपाल, बोबी पुत्र जगवीर, जगवीर उर्फ जगलिया और अन्य अज्ञात आरोपित हाथों में डंडे और धारदार हथियार लेकर कमरे में घुस आए।

आरोपितों ने महकार सिंह के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं तथा फ्रैक्चर भी हुआ। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें कमरे से बाहर खींचकर भी पीटा।

murder -hapur-crime1

खाना लेकर पहुंचा बेटा तो सामने था हमला

जतिन के मुताबिक, वह अपने भाई जितेंद्र के साथ पिता के लिए खाना लेकर फार्म हाउस पहुंचा था। उस समय आरोपित उसके पिता के साथ मारपीट कर रहे थे। यह देखकर उसने शोर मचाया।

शोर सुनकर फार्म हाउस के आसपास रहने वाले साजिद, मुन्ना और धर्मेंद्र आदि मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देखकर आरोपित धमकी देते हुए वहां से चले गए। आरोप लगाया गया है कि आरोपितों ने धमकी दी कि उन्होंने महकार सिंह को जान से मारने के लिए हमला किया है, क्योंकि उन्होंने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।

इसके बाद घायल महकार सिंह की हालत देखकर स्वजन और आसपास के लोगों की मदद से उन्हें स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया। हालत अत्यंत गंभीर होने पर उन्हें मेरठ के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।

उपचार के दौरान मौत से हत्या में बदला मामला

मेरठ के अस्पताल में महकार सिंह का उपचार चल रहा था, लेकिन गंभीर चोटों के चलते उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते महकार सिंह को निशाना बनाया गया और आरोपितों ने जान से मारने की नीयत से हमला किया। घायल की मौत के बाद अब पुलिस के सामने मामले में हत्या की धाराओं में कार्रवाई करने की स्थिति बन गई है।

एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। स्वजन ने सभी आरोपितों की गिरफ्तारी कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

यह भी पढ़ें- हापुड़ के 16 गांवों पर GDA की नजर, HPDA ने कहा- नहीं देंगे जमीन; बोर्ड बैठक तक पहुंचा विवाद

यह भी पढ़ें- नमो भारत और रैपिड रेल की उम्मीदों को झटका, गाजियाबाद-हापुड़ रूट का नहीं हुआ फिजिबिलिटी टेस्ट