हापुड़ गौरव त्यागी हत्याकांड: पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 25 हजार का इनामी जसवंत गिरफ्तार
हापुड़ में गौरव त्यागी हत्याकांड में पुलिस ने 25 हजार के इनामी छठे आरोपी जसवंत को उसके घर से गिरफ्तार ...और पढ़ें

हापुड़ पुलिस।
जागरण संवाददाता, हापुड़। हापुड़ में गौरव त्यागी हत्याकांड में थाना हापुड़ देहात पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस ने हत्याकांड में फरार चल रहे छठे आरोपी और 25 हजार रुपये के इनामी जसवंत को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने उसे उसके घर से दबोचा। मामले में पांच आरोपितों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, एक अन्य आरोपित अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।
लाठी-डंडों से किया था हमला
मंगलवार को थाना हापुड़ देहात क्षेत्र में धनौरा रोड पर कार सवार हमलावरों ने ग्राम मोहम्मदपुर आजमपुर के रहने वाले गौरव त्यागी पर हथौड़ों और लाठी-डंडों से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल गौरव की मौत हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू की थी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ में घायल हुए एक आरोपित समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ और जांच के दौरान सामने आए अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि हत्याकांड में फरार चल रहे मोहम्मदपुर आजमपुर के 25 हजार रुपये के इनामी आरोपित जसवंत को उसके घर से गिरफ्तार किया गया है।
यह भी पढ़ें- हापुड़ गौरव हत्याकांड: महापंचायत में आरोपियों के एनकाउंटर और बुलडोजर एक्शन की मांग, आंदोलन की चेतावनी
उन्होंने बताया कि मामले में एक अन्य आरोपित अभी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
