विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दूर-दूर तक दिखीं लपटें और धुएं का गुबार: हापुड़ की रीसाइक्लिंग फैक्ट्री धधकी, चपेट में आईं 3 और कंपनियां

Published: Tue, 08 Sep 2026 11:56 AM (IST)Updated: Tue, 08 Sep 2026 12:10 PM (IST)

हापुड़ के धौलाना औद्योगिक क्षेत्र में त्रिवेणी मेडिकेम केमिकल रीसाइक्लिंग फैक्ट्री में भीषण आग लग गई, जिसने आसपास की तीन अन्य फैक्ट्रियों को भी चपेट में ले लिया।

HighLights

  1. हापुड़ की केमिकल रीसाइकिलिंग फैक्ट्री में लगी भीषण आग।

  2. आग ने आसपास की तीन अन्य फैक्ट्रियों को भी चपेट में लिया।

  3. केमिकल के कारण आग तेजी से फैली, धमाके भी हुए।

जागरण संवाददाता, हापुड़। हापुड़ के धौलाना के औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार सुबह केमिकल रीसाइक्लिंग फैक्ट्री त्रिवेणी मेडिकेम में अचानक भीषण आग लग गई।

आग इतनी विकराल थी कि कुछ ही देर में उसने आसपास की तीन अन्य फैक्ट्रियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। फैक्ट्री के भीतर लगातार तेज धमाके होने से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

बताया गया कि फैक्ट्री लाला घनश्यामदास की है। सुबह करीब 11 बजे आग लगने के बाद धुएं का गुबार और आग की ऊंची लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं।

अभी आग पर नहीं पाया जा सका है नियंत्रण

केमिकल होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और धमाकों की आवाज से आसपास के लोग दहशत में आ गए। सूचना पर दमकल विभाग की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।

हालांकि, केमिकल के कारण आग पर तत्काल काबू नहीं पाया जा सका। दमकलकर्मी लगातार आग को आसपास की अन्य फैक्ट्रियों तक फैलने से रोकने में जुटे हुए हैं।

फिलहाल आग पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं पाया जा सका है। हादसे में किसी के हताहत होने की तत्काल सूचना नहीं है। प्रशासन और पुलिस की टीमें भी मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

यह भी पढ़ें- हापुड़ के कपूरपुर में नमकीन फैक्ट्री में भीषण आग, 50 टीन तेल और कच्चा माल जलकर खाक