विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रावण पुतला धमाका: पति के बाद बेटे की मौत से सीमा का परिवार तबाह

By Keshav TyagiEdited By: Sachin Jha
Published: Thu, 08 Oct 2026 09:24 PM (GMT+05:30)

गाजियाबाद के साहिबाबाद में रावण के पुतले में पटाखे भरते समय हुए धमाके ने एक परिवार को तबाह कर दिया। ...और पढ़ें

रावण पुतला धमाका: पति के बाद बेटे की मौत से सीमा का परिवार तबाह  ( एआई जेनरेटेड इमेज )

रावण पुतला धमाका: पति के बाद बेटे की मौत से सीमा का परिवार तबाह ( एआई जेनरेटेड इमेज )

HighLights

  1. साहिबाबाद में रावण पुतले में पटाखे भरते हुए धमाका हुआ।

  2. धमाके में पहले पति अनिल, फिर बेटे ऋषभ की मौत हो गई।

  3. पिलखुवा का परिवार इस दोहरे सदमे से पूरी तरह टूट गया।

केशव त्यागी, हापुड़। गाजियाबाद के साहिबाबाद के लाजपत नगर में रावण के पुतले में पटाखे भरते समय हुआ धमाका पिलखुवा के रमपुरा की सीमा के परिवार के लिए ऐसा जख्म दे गया, जो शायद कभी नहीं भर पाएगा।

हादसे में पहले पति अनिल की मौत हुई और अब बृहस्पतिवार को घायल बेटे ऋषभ ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पति और बेटे को खोने के बाद सीमा बेसुध है। कभी परिवार की खुशियों से आबाद रहने वाला घर अब मातम में डूबा है।

एकाएक लगी थी आग

बता दें कि सोमवार सुबह साहिबाबाद में रावण के पुतले में पटाखे भरते समय अचानक आग लगने के बाद भीषण धमाका हुआ था। हादसे में पिलखुवा के रमपुरा के 50 वर्षीय अनिल पुत्र जगदीश गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी। हादसे में उनके 25 वर्षीय बेटे ऋषभ और 22 वर्षीय रानू समेत अन्य कारीगर भी घायल हुए थे। ऋषभ की हालत गंभीर होने पर उसका उपचार चल रहा था, लेकिन बृहस्पतिवार को उसने भी दम तोड़ दिया।

पति के बाद बेटे ने भी छोड़ा साथ

अनिल की मौत के बाद परिवार किसी तरह इस सदमे से उबरने की कोशिश कर ही रहा था कि बृहस्पतिवार को ऋषभ की मौत की खबर ने सीमा को तोड़कर रख दिया। पति के बाद जवान बेटे को खोने का दर्द वह सह नहीं पा रही हैं। स्वजन के मुताबिक, सीमा बार-बार बेसुध हो जा रही हैं। घर में चीख-पुकार मची है और हर आंख नम है।

रोजी रोटी का संकट मंडराया

अनिल की पत्नी सीमा ने बताया कि वह गृहिणी हैं। उनके पांच बेटे लक्की, पंकज, लव, ऋषभ और रानू हैं। परिवार की जिम्मेदारी संभालने वाले अनिल के बाद अब ऋषभ की मौत ने परिवार को दोहरा आघात दिया है। जिस पुश्तैनी काम से परिवार की रोजी-रोटी चलती थी, उसी काम ने एक ही हादसे में परिवार से पिता और बेटे को छीन लिया।

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद पुलिस का बड़ा फैसला, अब FIR दर्ज कराने से पहले PLV टेबल पर आएंगे दोनों पक्ष