हमीरपुर: पुल पर चढ़ते ही रोडवेज बस के निकल गए दो टायर, यात्रियों में मची चीख-पुकार
हमीरपुर में राठ डिपो की एक रोडवेज बस के चिकासी पुल पर चढ़ते समय दोनों पिछले टायर निकल गए।

चिकासी पुल पर पहिया निकल जाने से खड़ी रोडवेज बस
HighLights
राठ डिपो की रोडवेज बस के पिछले टायर निकले।
चिकासी पुल पर हादसा, सभी यात्री रहे सुरक्षित।
फोरमैन से स्पष्टीकरण मांगा गया, मामले की जांच शुरू।
संवाद सूत्र, हमीरपुर। राठ डिपो की रोडवेज बस में रविवार को उस समय बड़ा हादसा होते-होते बच गया, जब राठ से दिल्ली जा रही बस के दोनों पिछले टायर निकल गए। चिकासी पुल पर बस के पहुंचते ही पुल चढ़ने के दौरान हुई घटना से बस में सवार यात्रियों में हलचल मच गई। गनीमत रही कि बस की गति नियंत्रित रही और कोई जनहानि नहीं हुई। इस मामले में एआरएम ने फोरमैन से स्पष्टीकरण मांगते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
राठ डिपो की बस रविवार को राठ से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। बस में करीब पांच-छह यात्री सवार थे। बस चिकासी पुल पर पहुंची और जैसे ही पुल पर चढ़ी, उसके पीछे लगे दोनों टायर निकल गए। टायर निकलते ही बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार और हलचल मच गई।
इस घटना के बाद चालक ने बस को नियंत्रित करते हुए रोक दिया। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। समय रहते बस रुक जाने से बड़ा हादसा टल गया। इस संबंध में डिपो प्रभारी निखिल वर्मा ने बताया कि फोरमैन घासीराम से स्पष्टीकरण मांगा गया है। इसमें जो भी दोषी होगा उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
फोरमैन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
चलती बस के दोनों पिछले टायर निकलने की घटना ने राठ डिपो की बसों की फिटनेस जांच और रखरखाव व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों की सुरक्षा के लिए बसों को मार्ग पर भेजने से पहले टायर, पहियों के नट-बोल्ट सहित अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की जांच की जाती है। इसके बावजूद दोनों पिछले टायर निकल जाना डिपो की तकनीकी जांच व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा रहा है।
यात्रियों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और डिपो की सभी बसों की सुरक्षा एवं फिटनेस व्यवस्था की गंभीरता से जांच कराने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- जिस थाने में तैनाती उसी में दारोगा नवीन त्रिपाठी पर करप्शन की FIR, हमीरपुर में महिला ने लगाए रिश्वत मांगने का आरोप

