जिस थाने में तैनाती उसी में दारोगा नवीन त्रिपाठी पर करप्शन की FIR, हमीरपुर में महिला ने लगाए रिश्वत मांगने का आरोप
हमीरपुर में दारोगा नवीन त्रिपाठी के खिलाफ भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज किया गया है। एक महिला ने आरोप लगाया कि दारोगा ने उसके पति से 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी और न देने पर फर्जी केस में फंसाया।

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
दारोगा नवीन त्रिपाठी पर भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज।
महिला ने पति से 50 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया।
एसपी ने दारोगा को पुलिस लाइन भेजा था।
जागरण संवाददाता, हमीरपुर। जिस थाने में तैनाती है, वहीं दारोगा के खिलाफ एक महिला की तहरीर के आधार पर 50 हजार रुपये मांगने के मामले में भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज किया गया है। शुक्रवार को एसपी मृगांक शेखर पाठक ने दारोगा को लाइन हाजिर भी किया था।
सदर कोतवाली के रमेड़ी तरौस मोहल्ला निवासी रश्मि शर्मा उर्फ अनुष्का शर्मा ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि उसके पति रोहित शर्मा श्रीचंद्र खाटू श्याम बाबा हेल्थ केयर क्लिनिक थाना चौराहा के पास मौदहा में हड्डी रोग विशेषज्ञ के यहां वार्ड ब्वॉय का काम करते हैं।
कलौलीतीर निवासी मोनू प्रजापति के हाथ में फ्रैक्चर हो गया था, जिसने पति से डॉक्टर का पता पूछा। पति ने कानपुर में किदवई नगर में चंद्रभान हॉस्पिटल व एलएलआर अस्पताल (हैलट) का पता बताया। उसने अपने हाथ का कानपुर में इलाज कराया, लेकिन हाथ ठीक नहीं हुआ तब से वह रंजिश रखने लगा और पति खिलाफ थाना कोतवाली नगर हमीरपुर के दारोगा नवीन त्रिपाठी को प्रार्थना पत्र दिया कि पति ने मोनू का हाथ खराब कर दिया।
जिस थाने में तैनात वहीं दारोगा के खिलाफ भ्रष्टाचार का मुकदमा
पति से नवीन त्रिपाठी ने मोनू को 50000 रुपये देने के लिये कहा, क्योकि उसने 50000 रुपये पति से अपना हाथ ठीक करने के लिए मांग रहा था। दोनों पक्षों में इस बात पर समझौता हुआ कि पति मोनू को 50,000 रुपये देंगे। इसमें 20,000 रुपये 30 मई तथा 30,000 रुपये 25 जून को पति द्वारा मोनू को दिया जाना था। पति ने 10,000 रुपये मोनू के खाते में तथा 10,000 रुपये लल्ला अवस्थी के खाते में ऑनलाइन भेजे।
लल्ला अवस्थी ने दारोगा नवीन त्रिपाठी को यह रुपये दिए। उसी दिन लल्ला को पति ने चार हजार रुपये नकद दिए। वह रुपये भी दारोगा नवीन त्रिपाठी ने ले लिए।
महिला ने लगाए आरोप
महिला का आरोप है कि छह अगस्त को दारोगा नवीन उसके घर आए और पति को पूछा। उन्होने कहा कि यदि शाम तक 55,000 रुपये तुम्हारे पति ने नही दिया तो उसे जेल भेज दूंगा। तब अपने पति को बचाने के लिये नवीन त्रिपाठी को 30,000 रुपये नकद दिया। इस पर नवीन त्रिपाठी यह कहते हुए चले गए कि जल्दी शेष रुपये की व्यवस्था करवा देना, नहीं तो तुम्हारे पति रोहित के खिलाफ मुकदमा लिखकर जेल भेज देंगे।
यह भी पढ़ें- PM Matsya Sampada Yojana: तालाब से लेकर मछली बेचने का खर्च उठाएगी सरकार, यूपी में 24 अगस्त तक करें ऑनलाइन आवेदन
यह भी पढ़ें- यूपी में दिसंबर में जनगणना का दूसरा चरण: 40 सवालों का नोटिफिकेशन जारी, पहली बार जाति भी शामिल
दारोगा के खिलाफ केस दर्ज
बीती 10 अगस्त को नवीन त्रिपाठी पति को रात्रि करीब आठ बजे घर से पकड़ कर थाने लाए और उनके विरुद्ध फर्जी मुकदमा लिखवा दिया। अब महिला की तहरीर के आधार पर पुलिस ने दारोगा नवीन त्रिपाठी के खिलाफ भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल रामआसरे सरोज ने बताया कि दारोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

