गोरखपुर में बारात के दौरान भारी बवाल, पत्थरबाजी में चकनाचूर हुईं गाड़ियां
भटहट में एक शादी समारोह के दौरान लड़की पक्ष के रिश्तेदारों और ग्रामीणों के बीच कहासुनी के बाद बवाल हो गया। मनबढ़ों ने बारात में आई आठ गाड़ियों में तोड ...और पढ़ें

बारातियों के वाहनों में की गई तोड़फोड़। जागरण
HighLights
बारात में कहासुनी के बाद गाड़ियों में तोड़फोड़ हुई।
आठ वाहनों को निशाना बनाया गया, चालक जान बचाकर भागे।
पुलिस वीडियो से आरोपियों की पहचान कर रही है।
संवाद सूत्र, भटहट (गोरखपुर)। लड़की के रिश्तेदारों और ग्रामीणों के बीच कहासुनी होने के बाद शादी में बवाल मच गया। मनबढ़ों ने बारात में आई आठ गाड़ियों को निशाना बनाकर तोड़फोड़ की।
गाड़ियों में सो रहे चालकों ने भागकर जान बचाई। गुलरिहा पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपित फरार हो गए। मोबाइल में बनाए गए वीडियो के जरिए पुलिस आरोपितों की पहचान कर रही है।
पीपीगंज के नया गांव निवासी जयराम पासवान के बेटे की बारात शुक्रवार को करमहां बुजुर्ग के रेहरवा टोले में योगेंद्र पासवान के घर आई थी। योगेंद्र पासवान की बहन अपनी बेटी की शादी मायके से कर रही थीं।
बताया जा रहा है कि आधी रात के करीब लड़की पक्ष के रिश्तेदारों और स्थानीय ग्रामीणों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर के रामगढ़ताल में गिरी तेज रफ्तार कार, खिड़की खोलकर निकले सवार
इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बारात में आई गाड़ियों को निशाना बनाते हुए करीब आठ वाहनों में जमकर तोड़फोड़ कर दी। तोड़फोड़ के दौरान गाड़ियों में सो रहे चालक जान बचाने के लिए मौके से भाग निकले। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
सूचना मिलने पर गुलरिहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपित फरार हो चुके थे। पीड़ित वाहन चालकों ने चौकी पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
इस घटना में जंगल कौड़िया निवासी अरविंद यादव, जितेंद्र यादव और सहजनवा थाना क्षेत्र के भीटी रावत निवासी गौतम की गाड़ियों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि प्रसारित हो रहे वीडियो के आधार पर आरोपितों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।