Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गोरखपुर में हल्की बारिश से विरासत गलियारा की दुकानों में घुसा पानी, नगर निगम की खुली पोल

    Updated: Thu, 30 Apr 2026 02:30 PM (IST)

    बेमौसम बारिश के कारण गोरखपुर में गंभीर जलभराव हुआ, जिससे घंटाघर और विरासत गलियारा क्षेत्र की दुकानों में पानी घुस गया और उन्हें नुकसान हुआ। नगर आयुक्त ...और पढ़ें

    माया बाजार में जलभराव के बीच से गुजरते लोग l जागरण

    माया बाजार में जलभराव के बीच से गुजरते लोग l जागरण

    HighLights

    1. बेमौसम बारिश से गोरखपुर में गंभीर जलभराव।

    2. विरासत गलियारा की दुकानों में घुसा पानी, भारी नुकसान।

    3. नगर आयुक्त ने दिए जलनिकासी सुधार के निर्देश।

    जागरण संवाददाता, गोरखपुर। बेमौसम बारिश ने बुधवार को शहरवासियों की मुश्किलें बढ़ा दीं। थोड़ी ही देर की बारिश ने नगर निगम की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी और शहर के कई इलाकों में जलभराव की गंभीर स्थिति पैदा हो गई। सबसे ज्यादा असर घंटाघर और विरासत गलियारा क्षेत्र के दुकानदारों पर पड़ा। पहले से ही खराब जलनिकासी व्यवस्था के चलते बारिश का पानी सीधे दुकानों में घुस गया। इसकी वजह से उन्हें काफी नुकसान भी झेलना पड़ा।

    बुधवार शाम हुई वर्षा की वजह से घंटाघर क्षेत्र में निर्माणाधीन विरासत गलियारा, एचपी स्कूल के पास, टाउनहाल बैंक रोड, बक्शीपुर, जुबली स्कूल के आसपास, दीवान बाजार, एक मिनारा मस्जिद के पास और नक्खास जैसे प्रमुख इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया।

    धर्मशाला ओवरब्रिज के नीचे भी हालात ऐसे हो गए कि राहगीरों का निकलना मुश्किल हो गया। जगह-जगह जलभराव के कारण यातायात प्रभावित रहा और लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

    विरासत गलियारा में घंटाघर स्थित विजेंद्र चौरसिया और राजू गुप्ता की दुकानों में पानी भरने से काफी सामान खराब हो गया। दोनों दुकानदारों ने बताया कि उन्हें बाल्टी से पानी निकालना पड़ा, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। पानी के साथ आई कीचड़ ने समस्या को और बढ़ा दिया, जिससे सफाई करना भी मुश्किल हो गया। उन्होंने कहा कि हर बार वर्षा में यही स्थिति बनती है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा।

    इलाहीबाग इलाके में जलभराव को दूर करने के लिए नगर निगम को सड़क कटवानी पड़ी। इसके बाद ही किसी तरह पानी निकाला जा सका। वहीं धर्मशाला ओवरब्रिज के नीचे पंप लगाकर पानी निकालने की व्यवस्था की गई, लेकिन यह प्रयास भी देर से शुरू हुआ, जिससे लोगों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी।

    खबरें और भी

    29gkc_88_29042026_496

    रात में भी सक्रिय रहें अधिकारी : नगर आयुक्त
    अचानक हुई वर्षा के बीच नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने शहर के चिह्नित जलभराव स्थलों का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान गोपालपुर, मुंशी प्रेमचंद पार्क और सिविल लाइन क्षेत्र में जलभराव की कोई स्थिति नहीं पाई गई, जिससे इन क्षेत्रों में की गई व्यवस्थाओं को संतोषजनक माना गया।

    यह भी पढ़ें- गोरखपुर में आंधी-बारिश से बदला मौसम का मिजाज, उमस से राहत, आज भी वर्षा के आसार

    वहीं शिवाय होटल, तहसील गेट और शास्त्री चौक जैसे स्थानों पर संभावित जलभराव को देखते हुए नगर आयुक्त ने तुरंत सकिंग मशीन लगाने के निर्देश दिए, ताकि पानी जमा न हो और आवागमन प्रभावित न हो। निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि कई स्थानों पर चल रहे निर्माण कार्यों के कारण जलनिकासी प्रभावित हो रही है, जिससे जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही है। इस पर नगर आयुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से वार्ता कर नालियों को जल्द से जल्द जोड़ने और जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

    नगर आयुक्त ने समस्त अवर अभियंताओं, सफाई निरीक्षकों और जोनल अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे रात के समय भी पूरी तरह सक्रिय रहें और किसी भी जलभराव की स्थिति पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करें।

    इस नंबर पर दे सकते हैं जलभराव की सूचना
    नगर निगम ने लोगों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर 8810709312 जारी किया है, जिस पर लोग जलभराव या अन्य समस्याओं की शिकायत दर्ज करा सकते हैं।