Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गोरखपुर में आंधी-बारिश से बदला मौसम का मिजाज, उमस से राहत, आज भी वर्षा के आसार

    Updated: Thu, 30 Apr 2026 07:11 AM (IST)

    गोरखपुर में बुधवार शाम तेज आंधी और वर्षा से उमस व गर्मी से राहत मिली, जिससे मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग ने गुरुवार को भी गरज-चमक के साथ बारिश और 7 ...और पढ़ें

    गुरुवार को भी तेज गरज-चमक के साथ वर्षा का पूर्वानुमान। अभिनव राजन चतुर्वेदी

    गुरुवार को भी तेज गरज-चमक के साथ वर्षा का पूर्वानुमान। अभिनव राजन चतुर्वेदी

    HighLights

    1. गोरखपुर में तेज आंधी और वर्षा से मिली गर्मी से राहत।

    2. बुधवार को 19.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, तापमान गिरा।

    3. गुरुवार को भी बारिश, वज्रपात, तेज हवाओं की आशंका।

    जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मौसम का मिजाज बुधवार की शाम को बदल गया। तेज आंधी और वर्षा से दिनभर की उमस और गर्मी से राहत मिली। धूल भरी आंधी चलने के बाद घने बादल छाए, जिससे सूर्यास्त के पहले ही अंधेरा हो गया।

    इसके बाद बूंदाबांदी से प्रारंभ होकर लगभग 4 मिनट तक वर्षा हुई। पानी बरसने के बाद वातावरण सुहावना हो गया। मौसम विभाग के अनुसार कुल 19.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

    बुधवार सुबह देर से सूरज के दर्शन हुए। दोपहर में तपिश महसूस की गई। शाम चार बजे के बाद मौसम ने करवट ली। लगभग साढ़े चार बजे पहले धूल भरी आंधी चली, फिर कुछ ही देर में घने बादलों ने आसमान को ढक लिया। सूर्यास्त से पहले ही अंधेरा जैसा माहौल बन गया।

    वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलना पड़ा। इसके बाद बूंदाबांदी शुरू हुई, जो देखते ही देखते तेज वर्षा में बदल गई। उस समय कार्यालयों और बाजारों से लौट रहे लोग रास्ते में फंस गए। कई लोगों ने दुकानों और सुरक्षित स्थानों पर रुककर वर्षा थमने का इंतजार किया।

    यह भी पढ़ें- गोरखपुर ग्रामीण में ईंधन संकट, तलाश में हर दिन बर्बाद हो रहा हजारों लीटर पेट्रोल-डीजल

    तेज हवा के साथ बिजली चमकने से लोगों में सतर्कता भी बनी रही। 30 मिनट से अधिक समय तक हुई वर्षा के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.2 डिग्री कम रहा।

    खबरें और भी

    न्यूनतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री पर रहा। अधिकतम आर्द्रता 100 प्रतिशत और न्यूनतम 48 प्रतिशत रही।

    मौसम विज्ञानी टीबी सिंह ने बताया कि गुरुवार को भी कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वज्रपात की आशंका भी है। हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा से बढ़कर 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। उन्होंने खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।