गोरखपुर में गरीब रथ लेट हुई तो रेल लाइन पर उतर गए यात्री, जमकर किया हंगामा
गोरखपुर में कैंट-उनौला डबल रेल लाइन के नानइंटरलाकिंग कार्य के कारण कई ट्रेनें निरस्त या विलंबित हुईं। आनंदविहार-मुजफ्फरपुर गरीब रथ ...और पढ़ें

प्लेटफार्म पांच पर पांच घंटे लेट हुई ट्रेन तो टूट गया यात्रियों के सब्र का बांध। जागरण
HighLights
गोरखपुर में डबल रेल लाइन कार्य से ट्रेनें प्रभावित हुईं।
गरीब रथ पांच घंटे लेट होने पर यात्रियों ने हंगामा किया।
आरपीएफ ने यात्रियों को समझाकर पटरियों से हटाया।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। गोरखपुर कैंट-उनौला डबल रेल लाइन की नानइंटरलाकिंग के चलते गुरुवार को बड़ी संख्या में ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। कई ट्रेनें निरस्त रहीं तो अधिकतर विलंबित हुईं। 12212 नंबर की आनंदविहार-मुजफ्फरपुर गरीब रथ गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर पांच घंटे लेट हुई तो यात्रियों के सब्र का बांध टूट गया।
बड़ी संख्या में यात्री प्लेटफार्म नंबर पांच व छह के रेल लाइन पर उतरकर हंगामा करने लगे। रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने स्थिति को संभाला। समझा-बुझाकर यात्रियों को पटरियों से हटाया। रेलवे सुरक्षा बल के प्रभारी निरीक्षक की टीम ने सतर्कता व सुरक्षा के साथ यात्रियों को कोच में बैठाया। दोपहर 12 बजे के आसपास पहुंची ट्रेन शाम को साढ़े पांच बजे रवाना हुई।
जानकारों के अनुसार, ट्रेन दोपहर 12 बजे के आसपास ही प्लेटफार्म नंबर पांच पर पहुंच गई। शाम पांच बजे तक ट्रेन नहीं चली तो परेशान यात्री कोचों से उतरकर प्रदर्शन करने लगे। इसी दौरान नौतनवाा जा रही 15105 छपरा-नौतनवा इंटरसिटी एक्सप्रेस चौरीचौरा रेलवे स्टेशन पर ही रुक गई। सैकड़ों की संख्या में यात्री बस से गोरखपुर पहुंचे। यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
गोरखधाम तीन व कुशीनगर एक्सप्रेस ढाई घंटे लेट
गोरखपुर कैंट-उनौला डबल लाइन के साथ गोरखपुर जंक्शन यार्ड में भी कुछ घंटों के लिए ट्रेनों का ब्लाक लिया गया। ब्लाक के दौरान सिग्नल आदि से संबंधित कार्य पूरे किए गए। रेलवे प्रशासन ने शाम को चलने वाली प्रमुख ट्रेनों को रिशिड्यूल कर दिया था।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर कैंट-उनौला के बीच 120 की रफ्तार से दौड़ी सीआरएस की ट्रेन, 90 KM/घंटा की गति से ट्रेन संचालन को मिली हरी झंडी
12555 गोरखधाम एक्सप्रेस तीन घंटे, 22537 कुशीनगर एक्सप्रेस ढाई घंटे तथा 15029 गोरखपुर-पुणे एक्सप्रेस ढाई घंटे विलंब से रवाना हुईं। समय से प्लेटफार्म पर पहुंचे यात्री ट्रेन के चलने का इंतजार करते रहे। प्लेटफार्मों पर देर रात तक यात्रियों की भीड़ जमी रही।
