Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गोरखपुर में डंपर ने बाइक सवार शिक्षक को रौंदा, ग्रामीणों ने फोरलेन किया जाम

    Updated: Thu, 19 Mar 2026 10:19 PM (IST)

    गोरखपुर के जंगल कौड़िया में एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार शिक्षक आशुतोष कुमार गुप्ता को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ...और पढ़ें

    चिलुआताल थाना के जंगल कौड़िया–कालेसर फोरलेन पर जमुआड गांव के पास हुआ हादसा। जागरण

    चिलुआताल थाना के जंगल कौड़िया–कालेसर फोरलेन पर जमुआड गांव के पास हुआ हादसा। जागरण

    HighLights

    1. तेज रफ्तार डंपर ने शिक्षक को कुचला, मौके पर मौत।

    2. आक्रोशित ग्रामीणों ने फोरलेन जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

    3. अवैध खनन और डंपरों की तेज रफ्तार पर कार्रवाई की मांग।

    संवाद सूत्र, जंगल कौड़िया, (गोरखपुर)। तेज रफ्तार डंपर से बाइक सवार शिक्षक को रौंद दिया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इस घटना से नाराज ग्रामीणों ने फोरलेन जाम कर दिया। आक्रोशित ग्रामीण अवैध खनन और तेज रफ्तार में चल रहे डंपरों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

    सूचना पर पहुंची तीन थानों की पुलिस और ग्रामीणों में दो घंटे तक झड़प होती रही। कार्रवाई और रफ्तार पर लगाम लगाने के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए। इसके बाद आवागमन शुरू हुआ। यह हादसा चिलुआताल थाना के जंगल कौड़िया-कालेसर फोरलेन पर जमुआड गांव के पास गुरुवार की शाम का है।

    खजनी थाना क्षेत्र के उनवल निवासी 44 वर्षीय आशुतोष कुमार गुप्ता, बुद्धा डिग्री कालेज जंगल कौड़िया में शिक्षक थे। वह गुरुवार शाम पांच बजे पढ़ाने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह जमुआड के पास पहुंचे, सड़क पर डंपरों से गिरी मिट्टी के कारण उठ रहे धुंध में उनकी बाइक असंतुलित हो गई।

    इसी दौरान पीछे से आ रहे डंपर ने उन्हें रौंद दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जैसे ही घटना की जानकारी ग्रामीणों और कालेज के शिक्षकों को हुई, वह मौके पर पहुंच गए और फोरलेन को जाम कर दिया। खनन माफियाओं और प्रशासन और पुलिस के विरुद्ध नारेबाजी शुरू कर दी।

    खबरें और भी

    ग्रामीणों का आरोप था कि क्षेत्र में अवैध खनन लगातार जारी है और संबंधित विभागों की मिलीभगत से डंपर दिन-रात चल रहे हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। खनन पर रोक लगाने के लिए स्थानीय प्रशासन और पुलिस से कई बार मांग की जा चुकी है, बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही।

    उधर, सूचना पर पहुंची चिलुआताल थाने के मजनू चौकी पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माने। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कुछ ही देर में चिलुआताल, गीडा और सहजनवा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।

    यह भी पढ़ें- गोरखपुर में गीडा की प्लाई फैक्ट्री में भीषण आग, सात घंटे में पाया गया काबू

    करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर जाम समाप्त कराया। इसके बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

    माता-पिता के इकलौते पुत्र थे आशुतोष
    नगर पंचायत उनवल के वार्ड नंबर छह निवासी आशुतोष अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे, उनकी दो बहनों की शादी हो चुकी है। पिता जगदीश गुप्ता सेवानिवृत्त सरकारी शिक्षक हैं। पत्नी कृष्णा देवी और दो बेटे हर्ष और आरव है। मौत की सूचना पर स्वजन का रो-रो कर बुरा हाल है। पिता ने बताया कि प्राइवेट विद्यालय में पढ़ाकर उनका बेटा परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। लेकिन, प्रशासन की छूट से तेज रफ्तार डंपर ने बेटे की जिंदगी छीन ली।

    जागरण ने चेताया, महकमे ने नहीं दिया ध्यान
    जागरण ने अपने 17 मार्च को खबर प्रकाशित करते हुए यह बताया था कि कालेसर-जंगल कौड़िया फोरलेन पर जमुआड गांव के पास डंपरों से गिरी मिट्टी के उड़ने से राहगीरों को परेशानी हो रही है। वहीं मिट्टी गिराकर तेज रफ्तार में लौट रहे डंपर इसी जगह पर विपरीत दिशा से डिवाइडर पर चढ़कर रास्ता पार कर रहे है, जिससे उड़ने वाले धुंध से बाइक सवार अनियंत्रित होकर चोटिल हो रहे।

    इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। बावजूद महकमे ने ध्यान नहीं दिया और दो दिन बाद ही एक हंसते-खेलते परिवार और बुजुर्ग पिता का इकलौता सहारा आशुतोष को डंपर ने रौंद दिया।