Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गोरखपुर में गीडा की प्लाई फैक्ट्री में भीषण आग, सात घंटे में पाया गया काबू

    Updated: Thu, 19 Mar 2026 10:11 PM (IST)

    गोरखपुर के गीडा स्थित वुड फैब्स (प्लाई फैक्ट्री) में गुरुवार सुबह शार्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। 12 दमकल गाड़ियों और 80 टैंकर पानी की मदद से करीब सात ...और पढ़ें

    प्लाई फैक्ट्री में लगी आग को बुझाते दमकलकर्मी। जागरण

    प्लाई फैक्ट्री में लगी आग को बुझाते दमकलकर्मी। जागरण

    HighLights

    1. शार्ट सर्किट से लगी भीषण आग।

    2. सात घंटे में आग पर पाया काबू।

    3. फैक्ट्री को हुआ एक करोड़ का नुकसान।

    जागरण संवाददाता,सहजनवा, (गोरखपुर)। वुड फैब्स (प्लाई फैक्ट्री) में गुरुवार सुबह शार्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग लगते ही गीडा के सेक्टर-13 स्थित फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही गीडा, महानगर, चौरीचौरा, गोला और संतकबीरनगर से दमकल की 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब सात घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद अपराह्न तीन बजे आग पर काबू पाया जा सका।

    सुबह करीब आठ बजे कर्मचारियों व आसपास मौजूद लोगों को तेज धमाका सुनाई दिया। धमाके के बाद फैक्ट्री के चैंबर से धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं। कर्मचारियों ने पहले खुद आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। देखते ही देखते आग ने लकड़ी सूखाने के लिए बने दो अन्य चैंबरों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

    फैक्ट्री के अंदर धुआं इतना घना हो गया कि कुछ दिखाई देना मुश्किल हो गया और आग बुझाने वालों के सांस फूलने लगे। अधिकारियों ने स्थिति पर काबू पाने के लिए गीडा के अलावा महानगर, चौरीचौरा, गोला और संतकबीरनगर जनपद जिले से दमकल की 12 गाड़ियों को मौके पर भेजा।

    आग इतनी भीषण थी कि दमकल गाड़ियों में पानी खत्म होने पर संकट खड़ा हो गया। तब गीडा में स्थित फैक्ट्रियों ने दमकल की गाड़ियों में पानी उपलब्ध कराया। करीब 80 टैंकर पानी खर्च होने के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- राप्तीसागर एक्सप्रेस की छत पर चढ़ा युवक, रेल लाइन की काटनी पड़ी लाइट; ट्रेन से बाहर निकले यात्री

    आग की सूचना पर अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी गीडा राम प्रकाश, एसडीएम केशरी नंदन तिवारी, सीओ गीडा योगेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। फैक्ट्री के मालिक फैजान अहमद ने बताया कि आग शार्ट सर्किट के कारण लगी। इस हादसे में करीब एक करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है। मुख्य अग्नि शमन अधिकारी संतोष कुमार राय ने बताया कि सात घंटे तक चले अभियान के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। आग लगने के कारणों की जांच चल रही है।

    नवंबर में भी लगी थी आग
    गौरतलब है कि गीडा के सेक्टर-15 स्थित ब्रान आयल फैक्ट्री में पिछले वर्ष 21 नवंबर को भी भीषण आग लग गई थी। उस घटना में करीब 17 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका था।