विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में सपा की रैली से सोनौली हाईवे जाम, 54 पर केस दर्ज और छह ट्रैक्टर भी जब्त

Published: Sun, 06 Sep 2026 09:52 PM (IST)

गोरखपुर में सपा प्रत्याशी की दावेदारी को लेकर बिना अनुमति निकाली गई रैली से सोनौली हाईवे एक घंटे तक जाम ...और पढ़ें

सपाइयों की रैली से सोनौली हाईवे जाम।

सपाइयों की रैली से सोनौली हाईवे जाम।

HighLights

  1. बिना अनुमति सपा रैली से हाईवे जाम।

  2. 54 लोगों पर मुकदमा दर्ज, कार्रवाई जारी।

  3. पुलिस ने छह ट्रैक्टर, एक कार जब्त की।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। कैंपियरगंज विधानसभा क्षेत्र से सपा का प्रत्याशी बनने की दावेदारी को लेकर रविवार को बिना अनुमति निकाली गई रैली से गोरखपुर-सोनौली हाईवे करीब एक घंटे तक जाम रहा।

जंगल कौड़िया टोल प्लाजा के पास रैली में शामिल वाहनों की भीड़ से हाईवे की एक लेन पूरी तरह बाधित हो गई। सैकड़ों वाहन और एक एंबुलेंस जाम में फंस गई। पुलिस ने रैली रुकवाकर वाहन हटवाए और यातायात बहाल कराया।

मामले में रैली आयोजक साधु यादव, उनके भाई सुरेंद्र यादव समेत 19 नामजद और 35 अज्ञात के विरुद्ध पीपीगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। रैली में शामिल छह ट्रैक्टर और एक चार पहिया वाहन कब्जे में लिया है।

रैली सुबह करीब नौ बजे पीपीगंज के भरवल गांव से शुरू हुई थी। इसमें सैकड़ों बाइक, दर्जनों कार और कई ट्रैक्टर शामिल थे। पीपीगंज बाइपास से जंगल कौड़िया की ओर बढ़ी रैली टोल प्लाजा के पास पहुंची तो वाहनों की संख्या बढ़ने से एक लेन पूरी तरह बाधित हो गई।

दूसरी लेन पर भी वाहनों का दबाव बढ़ गया और लंबी कतार लग गई। पीपीगंज थाना पुलिस ने आयोजकों से रैली की अनुमति मांगी, लेकिन अनुमति नहीं होने पर जुलूस समाप्त करने को कहा। इसी दौरान समर्थकों और पुलिस के बीच नोकझोंक हुई।

पुलिस के अनुसार, कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों से विवाद और हाथापाई भी की। सूचना पर सीओ कैंपियरगंज अनुराग सिंह मौके पर चिलुआताल और कैंपियरगंज थाने की फोर्स लेकर पहुंचे।

बिना अनुमति निकाली गई रैली समाप्त कराकर उन्होंने वाहनों को हटवाया,जिसके बाद यातायात सामान्य हुआ। कार्रवाई के दौरान बिना नंबर प्लेट के छह ट्रैक्टर और एक चार पहिया वाहन कब्जे में लिया गया। एक नाबालिग को ट्रैक्टर चलाते हुए भी पाया गया।

एसएसआई पीपीगंज मनीष गिरी की तहरीर पर पुलिस ने 19 नामजद और 35 अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

सीओ कैंपियरगंज अनुराग सिंह ने बताया कि रैली के लिए प्रशासन से अनुमति नहीं ली गई थी। यातायात बाधित करने और पुलिस से विवाद करने वालों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। एसडीएम कैंपियरगंज आलोक रंजन सिंह ने भी रैली की अनुमति नहीं होने की पुष्टि की है।

पैदल रैली निकालने की मांग पर अड़े

पुलिस कार्रवाई से नाराज पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चिंता यादव, सपा नेता सुरेंद्र यादव और साधु यादव ने विरोध जताया। उन्होंने पैदल रैली निकालने की अनुमति देने की मांग की। इसे लेकर पुलिस और समर्थकों के बीच काफी देर तक विवाद की स्थिति बनी रही। मौके पर अफरातफरी का माहौल रहा।

इनके ऊपर दर्ज हुआ मुकदमा

एसएसआइ पीपीगंज मनीष गिरी की तहरीर पर पीपीगंज थाना पुलिस ने रैली के आयोजक साधु यादव उनके भाई सुरेंद्र यादव साथी शैलेंद्र यादव, मुलायम यादव, विशाल यादव, सोनू यादव, अखिलेश यादव उर्फ भोला, सुरेंद्र यादव, जितेंद्र यादव, राजेश्वर मिश्रा, युसूफ, गोरख मिश्रा, प्रमोद यादव, बबलू यादव, सत्येंद्र यादव, अरविंद यादव, प्रभात यादव, जयहिंद यादव उर्फ गोलू, सत्यम यादव, सीडी यादव और 35 अज्ञात पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

यह भी पढ़ें- खेल एकदम साफ था… सरकारी कुर्सी पर बैठकर प्राइवेट अस्पताल चला रहे डॉक्टर की गई नौकरी, शासन स्तर से कार्रवाई