विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में बच्ची की गर्दन पर चाकू रखकर पांच लाख के जेवर लूटे, पुलिस जांच में जुटी

By Jitendra PandeyEdited By: Vivek Shukla
Published: Tue, 01 Sep 2026 11:49 AM (IST)Updated: Tue, 01 Sep 2026 12:42 PM (IST)

गोरखपुर के तिघरा गांव में चार नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर नौ माह की बच्ची की गर्दन पर ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

HighLights

  1. नकाबपोश बदमाशों ने गोरखपुर के तिघरा गांव में घर लूटा।

  2. नौ माह की बच्ची की गर्दन पर चाकू रखकर धमकी दी।

  3. करीब पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर लूटे गए।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। पीपीगंज के तिघरा गांव में सोमवार देर रात नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने महज नौ माह की मासूम बच्ची को चाकू की नोक पर रखकर उसकी मां से करीब पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

तिघरा निवासी प्रेमचंद के संयुक्त परिवार में शिवपूजन के चार बेटों के परिवार के कुल 22 सदस्य रहते हैं। सोमवार की रात एक बजे चार नकाबपोश बदमाश घर के पीछे खुले चैनल गेट से अंदर दाखिल हुए। इसी दौरान प्रेमचंद के बड़े बेटे करन गुप्ता की पत्नी पूजा अपनी नौ माह की बच्ची को लेकर नीचे उतरी थीं।

बदमाशों ने पूजा की गोद से बच्ची को छीन लिया और उसके गले पर धारदार चाकू रख दिया। उन्होंने मां को धमकी दी कि यदि बच्ची की जान प्यारी है, तो घर में रखे सभी जेवर चुपचाप सौंप दें। शोर मचाने पर पूरे परिवार को जान से मारने की चेतावनी दी गई।

मासूम की जान बचाने के लिए सहमी मां ने विरोध नहीं किया और कमरे का ताला खोलकर आलमारी व बक्से में रखे पांच लाख रुपये के जेवर बदमाशों के हवाले कर दिए। इसके बाद बदमाशों ने पूजा के शरीर पर पहने कान के झुमके, नाक की कील और मंगलसूत्र भी उतरवा लिए और फरार हो गए।

पुलिस कार्रवाई और गश्त पर उठ रहे सवाल
घटना के तुरंत बाद स्वजन ने पुलिस को सूचना दी। लेकिन, घटना के एक घंटे बाद रात दो बजे पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। हालांकि, सुबह दस बजे तक फोरेंसिक टीम के घटनास्थल पर न पहुंचने से पुलिस की सक्रियता और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इसके अलावा देर रात घटना के बाद बदमाश बेखौफ होकर फरार हो गए। जो पुलिस की गश्त पर भी सवाल खड़ा कर रहे है।

जबकि एसएसपी का निर्देश है कि थानों और चौकी की पुलिस सुबह तीन बजे तक अपने-अपने क्षेत्र में गश्त करेगी और जगह-जगह पिकेट पर तैनात रहेगी। इन सबके बीच पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसी कैमरे के फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

यह भी पढ़ें-  NMMS छात्रवृत्ति योजना के आवेदन शुरू, जानिए कौन और कैसे कर सकता है अप्लाई

यह भी पढ़ें- वाराणसी से नेपालगंज रोड तक रेल सेवा शुरू, गोरखपुर के रास्ते नेपाल सीमा तक सीधी कनेक्टिविटी