विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर हादसे में घायल दूसरे अधिवक्ता की भी मौत, इलाज में देरी पर हुआ हंगामा

Published: Mon, 07 Sep 2026 05:13 AM (IST)

गोरखपुर में वज्रपात से गुरु गोरक्षनाथ घाट पर गुंबद गिरने से दो अधिवक्ताओं की मौत हो गई। इलाज में देरी ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

HighLights

  1. वज्रपात से गुंबद गिरा, दो अधिवक्ताओं की मौत।

  2. इलाज में देरी पर अधिवक्ताओं ने किया हंगामा।

  3. सीएमओ व स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। महायोगी गुरु गोरक्षनाथ घाट पर बना गुंबद (गजीबो) रविवार को वज्रपात से भरभराकर गिर गया। उस दौरान अंत्येष्टि में शामिल होने पहुंचे अधिवक्ता आलोक अस्थाना और संजय सिंह मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आलोक की जिला अस्पताल पहुंचने से पहले मृत्यु हो गई।

संजय सिंह ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान दम तोड़ा। अधिवक्ताओं ने उपचार मिलने में देरी और समय से एंबुलेंस उपलब्ध न होने का आरोप लगाते हुए जिला अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर सड़क जाम कर हंगामा शुरू कर दिया।

आलोक अस्थाना की पत्नी शालिनी की तहरीर पर कोतवाली थाने में सीएमओ व स्वास्थ्यकर्मियों के विरुद्ध लापरवाही का मुकदमा दर्ज होने के बाद अधिवक्ताओं ने जाम समाप्त किया।सिविल कोर्ट के अधिवक्ता विनोद तिवारी की माता का शनिवार शाम निधन हो गया था।

राप्ती नदी के राजघाट पर रविवार को उनकी अंत्येष्टि थी। पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। दोनों अधिवक्ताओं समेत कुछ लोग घाट पर बने गुंबद के नीचे चले गए। इसी दौरान तेज आवाज के साथ वज्रपात हुआ और गुंबद भरभराकर गिर गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हादसे का संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन को वज्रपात से मौत पर पीड़ित परिवार को तत्काल चार लाख रुपये की सहायता देने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी दीपक मीणा और एसपी सिटी निमिष पाटिल ने भी जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घटना की जानकारी ली।

प्रशासन ने सहायता राशि देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। परिवार को चेक सौंपने की तैयारी है। डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री राहत कोष से अतिरिक्त आर्थिक सहायता के लिए भी शासन को पत्र भेजा जाएगा। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोप की जांच कराई जा रही है। साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर की बेटी का कमाल, सहजनवा की पहली महिला सेना अधिकारी बनीं रितिका दुबे; भारतीय सेना ने जमकर की तारीफ