विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गीडा की फ्लैटेड फैक्ट्री में आवंटन की प्रक्रिया जल्द होगी शुरू, कमिश्नर ने दिए निर्देश

Updated: Sat, 15 Aug 2026 11:49 AM (IST)

गीडा अध्यक्ष इंद्र विक्रम सिंह ने फ्लैटेड फैक्ट्री का औचक निरीक्षण कर अधूरे फिनिशिंग कार्य पर नाराजगी जताई। उन्होंने सीईओ को जल्द कार्य पूरा कर आवंटन प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए, साथ ही अन्य परियोजनाओं की भी समीक्षा की।

गीडा का फ्लैटेड फैक्ट्री । जागरण

गीडा का फ्लैटेड फैक्ट्री । जागरण

HighLights

  1. गीडा अध्यक्ष ने फ्लैटेड फैक्ट्री का औचक निरीक्षण किया।

  2. अधूरे फिनिशिंग कार्य पर कमिश्नर ने जताई नाराजगी।

  3. सीईओ को आवंटन प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने के निर्देश।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के अध्यक्ष एवं कमिश्नर इंद्र विक्रम सिंह ने शुक्रवार को गीडा कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सेक्टर-13 स्थित फ्लैटेड फैक्ट्री परिसर में फिनिशिंग कार्य पूरा नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने सीईओ अनुज मलिक को शेष कार्य शीघ्र पूरा कराकर आवंटन की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।

कमिश्नर ने गीडा कार्यालय में विभिन्न योजनाओं के माडल देखे और सीईओ से संचालित और प्रस्तावित परियोजनाओं की जानकारी ली। सभागार में अधिकारियों, अभियंताओं और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त करने के बाद उन्होंने विकास परियोजनाओं और प्राधिकरण के लैंड बैंक की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान गीडा कमिश्नर ने आनलाइन सेवाओं और वनमैप पोर्टल के संचालन के बारे में भी जानकारी ली।

इसके बाद उन्होंने सेक्टर-13 के फ्लैटेड फैक्ट्री परिसर का निरीक्षण किया। मौके पर निर्माण कार्य की फिनिशिंग पूरी नहीं होने पर अभियंताओं को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने कहा कि शेष कार्य गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाए, ताकि परिसर का आवंटन जल्द शुरू किया जा सके।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर लोन जालसाजी: गरिमा गिरोह की मुश्किलें बढ़ीं, पुलिस खंगाल रही छह नई शिकायतों के रिकॉर्ड

सेक्टर-11 में ईडब्ल्यूएस और एलआइजी भवनों के परिसर के निरीक्षण में उन्होंने निर्माण कार्य के साथ जलनिकासी व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। अभियंताओं को भवन परिसर में स्टार्म वाटर की समुचित निकासी सुनिश्चित करने और रेन वाटर हार्वेस्टिंग की प्रभावी व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं करने को भी कहा।