गोरखपुर ठेकेदार हत्याकांड: हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाते रहे शिवकुमार, तलवार से किशोर करता रहा ताबड़तोड़ वार
ठेकेदार शिवकुमार त्रिपाठी की हत्या का एक बर्बर वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक किशोर तलवार से उन पर लगातार वार करता दिख रहा है। शिवकुमार जान बचाने की गुहार लगाते रहे, लेकिन हमलावर ने उन्हें नहीं बख्शा; पुलिस वीडियो के आधार पर जांच कर रही है।

इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित घटना के 1:57 मिनट के वीडियो में दिख रही बर्बरता। जागरण
HighLights
ठेकेदार शिवकुमार त्रिपाठी पर नाबालिग ने तलवार से हमला किया।
वायरल वीडियो में शिवकुमार जान बचाने की गुहार लगाते दिखे।
पुलिस वीडियो के आधार पर जांच कर रही, आक्रोश बढ़ा।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। जान बचाने के लिए शिवकुमार त्रिपाठी भाग रहे थे। पीछे तलवार लिए किशोर था। सड़क पर खड़ा आटो पीछे छूट गया। शिवकुमार ने हाथ जोड़े, हमलावर से छोड़ देने की गुहार लगाई, लेकिन तलवार नहीं रुकी। करीब 100 मीटर तक पीछा करने के बाद उनके पैर पर वार किया गया। वह सड़क किनारे गिर पड़े।
इसके बाद भी हमला नहीं रुका। गर्दन, गले और सिर पर तलवार से लगातार वार किए गए। आसपास मौजूद लोग आवाज लगाते रहे, लेकिन कोई हमलावर को रोक नहीं सका। ठेकेदार हत्याकांड का 1:57 मिनट का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। इस वीडियो में आरोपित की बर्बरता दिख रही है।
वीडियो की शुरुआत सड़क के बीच खड़े आटो से होती है। उसके पास सड़क की पटरी पर शिवकुमार गिरे हुए दिखाई दे रहे हैं। हाथ में तलवार लिए किशोर उन पर हमला कर रहा है। कोई उसे पकड़ने के लिए आगे बढ़ता है तो वह तलवार लेकर पीछे हट जाता है। इसी बीच एक युवक वहां पहुंचता है।
किशोर तलवार लेकर उसकी ओर दौड़ता है तो वह भी पीछे हट जाता है। इसके बाद शिवकुमार खुद को संभालते हैं और वहां से भागने लगते हैं। शायद उन्हें उम्मीद थी कि कुछ दूर निकल जाने पर कोई उन्हें बचा लेगा। लेकिन हमलावर ने पीछा नहीं छोड़ा। वह तलवार लेकर उनके पीछे दौड़ता रहा।
करीब 100 मीटर दूर पहुंचने के बाद शिवकुमार के पैर पर तलवार से वार किया गया। चोट लगते ही उनकी चाल लड़खड़ा गई और वह सड़क किनारे गिर पड़े। इसके बाद वह उठ नहीं सके। वीडियो में शिवकुमार हाथ जोड़े दिखाई दे रहे हैं। वह हमलावर से छोड़ने की गुहार लगाते हैं। आसपास से भी आवाजें आती हैं। कोई हमलावर को रोकने की कोशिश करता है तो कोई छोड़ने के लिए कहता सुनाई देता है। लेकिन तलवार थामे किशोर लगातार वार करता रहता है।
सड़क किनारे गिरे शिवकुमार की गर्दन, गले और सिर पर हमलावार लगातार वार करते दिख रहा है। कुछ लोग दूरी पर खड़े हैं। कोई आगे बढ़ने की हिम्मत नहीं करता। वीडियो में कुछ लोग मोबाइल फोन से घटना रिकार्ड करते भी नजर आ रहे हैं। एक युवक की आवाज में किशोर का नाम लेकर उसे छोड़ने की गुहार सुनाई देती है। लेकिन कुछ ही दूरी पर खड़े लोग उस वक्त शिवकुमार तक नहीं पहुंच पाते।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में आवारा कुत्तों के झुंड ने 300 भेड़ों पर किया हमला, 120 की हो गई मौत
कुछ देर बाद हमलावर वहां से हट जाता है। यह वीडियो आठ अगस्त को सिकरीगंज के अहिरौली गांव में हुई घटना के अंतिम करीब दो मिनट का बताया जा रहा है। इससे पहले पहले शाम करीब पांच बजे गांव के छेदी चौधरी के घर आयोजित ब्रह्मभोज में शिवकुमार पर सब्बल से हमला किया गया था। घायल शिवकुमार को गांव के लोग आटो से अस्पताल ले जा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान किशोर बाइक से पीछा करते हुए पहुंचा और रास्ते में आटो रोक दिया।
इसके बाद हुई घटना का आखिरी हिस्सा मोबाइल फोन से बनाए गए वीडियो में कैद हुआ। पुलिस अब वीडियो के आधार पर यह पता लगा रही है कि घटना के दौरान कौन-कौन मौके पर मौजूद था।
वीडियो ने बढ़ाया आक्रोश,पुलिस करवा रही डिलिट
वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश है। इसको लेकर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं। साइबर सेल की टीम इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे वीडियो को डिलीट कराने में लगी है। परिवार का दावा है कि गांव में पहले शिवकुमार को आरोपितों ने घेरकर सब्बल से मारा इसके बाद अस्पताल ले जाने के दौरान सुनसान स्थान पर रोककर नाबालिग से तलवार से हमला कराया गया।
सिकरीगंज के अहिरौली गांव में वर्ष 2024 आदेश चौधरी की हत्या हुई थी। इसी हत्या के प्रतिशोध में बिजली विभाग के ठेकेदार शिवकुमार त्रिपाठी की हत्या हुई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।आरोपितों के विरुद्ध एनएसए के तहत कार्रवाई की जाएगी। लापरवाही का आरोप लगने पर थानेदार को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो की जांच कराई जा रही है।

