विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर के मोहद्दीपुर ओवरब्रिज पर चलती कार में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

Published: Fri, 04 Sep 2026 08:30 AM (IST)

गोरखपुर के मोहद्दीपुर ओवरब्रिज पर गुरुवार शाम एक चलती कार में अचानक आग लग गई, जिससे कार पूरी तरह जलकर ...और पढ़ें

HighLights

  1. मोहद्दीपुर ओवरब्रिज पर चलती कार में लगी आग।

  2. चालक ने सूझबूझ से कूदकर अपनी जान बचाई।

  3. आग से कार पूरी तरह जलकर खाक, यातायात बाधित।

संवाद सूत्र, चरगांवा, गोरखपुर। मोहद्दीपुर ओवरब्रिज पर गुरुवार शाम करीब सात बजे चलती कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई और धू-धू कर जलने लगी। इससे ओवरब्रिज पर अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार ओवरब्रिज के बीचों-बीच पहुंची ही थी कि अचानक इंजन से धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर में तेज लपटें उठने लगीं। स्थिति को भांपते हुए चालक ने सूझबूझ दिखाई और चलती कार से कूदकर अपनी जान बचाई। आग तेजी से फैलने के कारण कार पूरी तरह जलने लगी।

हादसे के बाद ओवरब्रिज के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची शाहपुर थाना पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभालते हुए वाहनों को कौवाबाग अंडरपास की ओर डायवर्ट कर दिया।

इसके साथ ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद पुलिस ने यातायात व्यवस्था सामान्य कराने का प्रयास किया। कार में आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में दिन के समय वाराणसी रूट की बसों का शहर में प्रवेश बंद, जाम से मिलेगी राहत

यह भी पढ़ें- हज यात्री 15 सितंबर तक अपलोड कर सकेंगे फिटनेस सर्टिफिकेट, बीमारी की जानकारी छिपाने पर होगी कार्रवाई