गोरखपुर भाजपा महानगर की 92 लोगों की चुनावी टीम तैयार, राहुल साहनी को मिली मीडिया की कमान
गोरखपुर भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए 70 नए सदस्यों के साथ अपनी महानगर कार्यसमिति और मीडिया टीम की घोषणा की है।

भाजपा महानगर की चुनावी टीम तैयार।
HighLights
गोरखपुर भाजपा ने 70 नए सदस्यों की कार्यसमिति घोषित की।
राहुल साहनी को महानगर मीडिया संयोजक बनाया गया है।
कुल 92 कार्यकर्ताओं की चुनावी टीम अब तैयार।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा नेतृत्व ने गोरखपुर महानगर संगठन को और विस्तार दे दिया है। महानगर पदाधिकारियों की घोषणा के बाद कार्यसमिति और मीडिया टीम को लेकर चल रहा इंतजार सोमवार को खत्म हो गया।
प्रदेश अध्यक्ष की स्वीकृति के बाद महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता ने 70 कार्यकर्ताओं को शामिल करते हुए महानगर कार्यसमिति और मीडिया टीम की घोषणा कर दी। इसके साथ ही संगठन ने चुनावी मोर्चे पर जिम्मेदारियों का बंटवारा भी स्पष्ट कर दिया है।
पिछली 19 अगस्त को महानगर पदाधिकारियों की 22 सदस्यीय सूची जारी हुई थी। अब 70 सदस्यीय कार्यसमिति के गठन के बाद महानगर भाजपा का संगठनात्मक कुनबा 92 कार्यकर्ताओं का हो गया है।
नई सूची में सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्रमुखता देते हुए मीडिया और इंटरनेट मीडिया को खास तवज्जो दी गई है। महानगर सह कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सचिन गुप्ता को मिली है। महानगर मीडिया संयोजक राहुल साहनी बनाए गए हैं, जबकि अखिलानंद त्रिपाठी व अनुराग गुप्ता को मीडिया सह संयोजक बनाया गया है।
सोशल मीडिया की जिम्मेदारी प्रियम शर्मा को संयोजक के रूप में दी गई है। प्रखर पाण्डेय, रोहित सोनकर व किशन गुप्ता सोशल मीडिया सह संयोजक होंगे। संगठन के तकनीकी और कार्यालयीय कामकाज को भी टीम में स्थान मिला है। समीर श्रीवास्तव को महानगर संयोजक आईटी और सत्यम चौधरी और जयदित्यनाथ सिंह को सह संयोजक आईटी बनाया गया है।
विपुल त्रिपाठी और दिव्य प्रताप सिंह को जिला सह कार्यालय मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। चुनावी वर्ष में इतने बड़े संगठनात्मक ढांचे के जरिए भाजपा बूथ से लेकर डिजिटल प्लेटफॉर्म तक अपनी सक्रियता और संवाद को धार देने की तैयारी में है।
