गोरखपुर में रेलवे की 9 मंजिला इमारत तैयार, 50 से अधिक कर्मचारियों को मिलेगा आशियाना
गोरखपुर के बौलिया में रेलवे की नौ मंजिला मल्टी स्टोरी बिल्डिंग बनकर तैयार है, जिसमें शुरुआत में 50 रेलकर्मियों को ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।
HighLights
बौलिया में रेलवे की नौ मंजिला इमारत बनकर तैयार।
शुरुआत में 50 रेलकर्मियों को आवास आवंटन प्रक्रिया शुरू।
डिप्टी सीएमई ने आवास आवंटन के लिए पत्र लिखा।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। बौलिया स्थित रेलवे की नौ मंजिली मल्टी स्टोरी बिल्डिंग बनकर तैयार है। रेलवे प्रशासन ने आवास आवंटन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। शुरुआत में 50 रेलकर्मियों को आवास मिलने की संभावना है। उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर रिपेयर (डिप्टी सीएमई) ने पूर्वोत्तर रेलवे के उप महाप्रबंधक सामान्य (डीजीएम) को आवास आवंटित करने के लिए चिट्ठी लिखी है। दस सितंबर को मल्टी स्टोरी बिल्डिंग के उद्घाटन की संभावना है। रेलवे प्रशासन ने इसकी तैयारी तेज कर दी है।
डिप्टी सीएमई रेलकर्मियों के आवास की समस्या को गंभीरता से लिया है। उनका कहना है कि यांत्रिक कारखाना पुल में श्रेणी द्वितीय में 170 और श्रेणी तृतीय में 360 कर्मचारी आवास के लिए प्रतीक्षारत हैं। दस परित्यक्त आवास के बदले आवास आवंटन किया जाना अति आवश्यक है। बौलिया कालोनी स्थित मल्टी स्टोरी बिल्डिंग में प्राथमिकता के आधार पर तत्काल 50 आवास उपलब्ध कराया जाना अति आवश्यक है। जिससे के यांत्रिक कारखाना पुल में आवास के लिए प्रतीक्षारत कर्मचारियों को एवं परित्यक्त घोषित आवासों के स्थान पर आवास उपलब्ध कराया जा सके।
डिप्टी सीएमई की चिट्ठी का स्वागत करते हुए एनई रेलवे मेंस कांग्रेस के मंडल मंत्री प्रदीप कुमार श्रीवास्तव कहते हैं कि डेयरी एवं मेडिकल रेलवे कालोनी की भूमि रेलवे भूमि विकास प्राधिकरण को दिए जाने के कारण वहां निवास कर रहे 66 रेल कर्मचारियों को बिना वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराए क्वार्टर खाली करने के नोटिस जारी किए गए थे। मेंस कांग्रेस ने बौलिया रेलवे कालोनी में निर्माणाधीन बहुमंजिली आवासों में प्रभावित कर्मचारियों को प्राथमिकता के आधार पर टाइप-3 आवास आवंटित करने तथा उसके बाद ही वर्तमान आवास खाली कराने का आग्रह किया था। यह निर्णय उन परिवारों के लिए राहत की किरण है।
एनई रेलवे मजदूर यूनियन (नरमू) ने उप महाप्रबंधक को पत्र लिखकर आवास की मांग की है। यूनियन के संयुक्त महामंत्री ओंकार नाथ सिंह ने कहा है कि रेलवे प्रशासन स्टेशन ट्रैफिक पूल के अंतर्गत आवासों की वर्तमान कमी को दृष्टिगत रखते हुए 100 रेलवे आवास आवंटित करे। उन्होंने रेलवे प्रशासन स्टेशन पर कार्यरत स्टेशन मास्टर, प्वाइंट्समैन, ट्रेन मैनेजर एवं अन्य सेफ्टी केटेगरी के कर्मचारियों को उनकी ड्यूटी की प्रकृति एवं आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आवास आवंटन में प्राथमिकता प्रदान किए जाने पर भी विचार किए जाने का आग्रह किया है।
