देवरिया में एआरटीओ भवन निर्माण की गुणवत्ता पर डीएम ने जताई नाराजगी, दिए सख्त निर्देश
देवरिया में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने निर्माणाधीन एआरटीओ कार्यालय भवन का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर असंतोष व्यक्त करत ...और पढ़ें

निर्माणाधीन एआरटीओ भवन पहुंचे डीएम। जागरण
HighLights
डीएम ने निर्माणाधीन एआरटीओ कार्यालय का औचक निरीक्षण किया।
निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त किया।
दो माह में कार्य पूरा करने के लिए धनराशि जारी करने के निर्देश।
जागरण संवाददाता, देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार को चकरवाधूस स्थित निर्माणाधीन सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) कार्यालय भवन का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए तथा समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण कराया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन भवन के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण करते हुए कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा मानकों से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए और सभी कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि लगभग 10 करोड़ 61 लाख रुपये की लागत से बन रहे इस परियोजना में अब तक 7 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त की जा चुकी है तथा करीब 80 प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। शेष तीन करोड़ 61 लाख रुपये की धनराशि जारी किए जाने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है।
यह भी पढ़ें- देवरिया में कूड़े के धुएं से अनियंत्रित होकर गिरी बाइक, तीन लोग बाल-बाल बचे
कार्यदायी संस्था सीएनडीएस के अधिकारियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि अवशेष धनराशि प्राप्त होते ही शेष निर्माण कार्य तेजी से पूरा कर लिया जाएगा। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि शासन स्तर पर समन्वय स्थापित कर जल्द धनराशि प्राप्त की जाए तथा आवंटन मिलते ही दो माह के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण कर भवन हैंडओवर की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के समय डीएसटीओ मृत्युजंय चतुर्वेदी, कार्यदायी संस्था के अवर अभियंता बी.पी. सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।