गोंडा में प्रेमी से शादी की जिद में टावर पर चढ़ी युवती, दो घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा
गोंडा के हथियागढ़ बाजार में एक युवती प्रेमी से शादी की मांग को लेकर बैंक के टावर पर चढ़ गई, जिससे दो घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चला। ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड तस्वीर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, गोंडा। हथियागढ़ बाजार में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रेमी से शादी कराने की मांग को लेकर एक युवती उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के टावर पर चढ़ गई। करीब 20 फीट ऊंचाई पर बैठी युवती को नीचे उतारने के लिए पुलिस को करीब दो घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी।
घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। रायपुर निवासी 23 वर्षीय रेशमा शुक्रवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे नंगे पांव टावर पर चढ़ गई। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों की नजर पड़ते ही मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना पर हथियागढ़ चौकी प्रभारी शिवकुमार यादव महिला पुलिसकर्मियों के साथ पहुंचे और युवती को समझाने का प्रयास शुरू किया।
दोनों परिवारों में है रिश्तेदारी
युवती लगातार अपने प्रेमी अमित पुत्र लाला निवासी गोदहना थाना सादुल्लाह नगर जनपद बलरामपुर को बुलाने और उससे शादी कराने की मांग करती रही। बताया जाता है कि दोनों परिवारों में रिश्तेदारी भी है।
युवती की बहन की शादी युवक के मामा के लड़के के साथ हुई है। इसी रिश्तेदारी के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध हो गया।
रेशमा का आरोप है कि तीन वर्ष पहले दोनों पक्षों के बीच शादी को लेकर सहमति बनी थी। एक मई 2026 के बाद विवाह कराने का भरोसा दिया गया था। इसके बाद युवक मुंबई चला गया। अब वह न तो वापस आ रहा है और न ही फोन उठा रहा है।
युवती ने बताया कि उसने पहले भी छपिया थाने में शिकायत की थी। पुलिस युवक के गांव भी गई थी, जहां उसके मुंबई में होने की जानकारी मिली। दोनों पक्षों को रविवार को थाने बुलाया गया था, लेकिन उससे पहले ही वह टावर पर चढ़ गई।
करीब दो घंटे तक चले समझाने-बुझाने के बाद पुलिस युवती को सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रही। थाना अध्यक्ष प्रबोध कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों को रविवार को बुलाया गया है। मामले में बातचीत कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खबरें और भी
इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में युवती टावर पर बैठी पुलिसकर्मियों से बहस करती नजर आ रही है। घटना को देखने के लिए काफी देर तक बाजार में लोगों की भीड़ लगी रही।