गोंडा में तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, दो दोस्तों की मौत
गोंडा के छपिया थाना क्षेत्र में मसकनवा-बभनान मार्ग पर पिकअप की टक्कर से बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
गोंडा में पिकअप की टक्कर से दो दोस्तों की मौत।
मसकनवा-बभनान मार्ग पर हुआ दर्दनाक सड़क हादसा।
पुलिस ने पिकअप जब्त कर चालक की तलाश शुरू की।
संवाद सूत्र, गोंडा। छपिया थाना क्षेत्र के मसकनवा-बभनान मार्ग पर शनिवार देर रात तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक पिकअप छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
चुवाड़ गांव निवासी रंजीत (39) और गंगाधर राव (42) शनिवार रात मसकनवा से बाइक से घर लौट रहे थे। दीननगर गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों में मचा कोहराम
सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छपिया पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही स्वजन में कोहराम मच गया।
थानाध्यक्ष प्रबोध कुमार ने बताया कि मृतक रंजीत के भाई मंजीत की तहरीर पर अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।