गोंडा में जांच करने गई पीआरवी टीम पर बांका और फरसा से किया हमला; हिरासत में दो आरोपी
गोंडा में गश्त कर रही पुलिस टीम पर अराजक तत्वों ने पथराव कर बांका व फरसा से हमला किया। इस ...और पढ़ें
HighLights
गोंडा में गश्त कर रही पुलिस टीम पर हमला।
पीआरवी वाहन पर पथराव, बांका-फरसा से वार।
घटना में पुलिसकर्मी घायल, दो आरोपी गिरफ्तार।
संवाद सूत्र, गोंडा। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रात में गश्त कर रही पुलिस टीम पर ही अराजक तत्वों ने पथराव कर दिया। कौड़िया थाना के छिरास में पीआरवी वाहन पर पथराव के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी बांका व फरसा से हमला किया गया।
घटना में कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। पुलिस ने छिरास के शुक्ल पुरवा निवासी आरोपित गिरवर दयाल उर्फ नागा व उसके भाई शिवदयाल उर्फ सचिन उर्फ ददऊ को गिरफ्तार किया।
पुलिस हिरासत में दोनों आरोपित अपने किए पर माफी मांगते नजर आए, इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। दैनिक जागरण उक्त वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज आनंद कुमार राय ने बताया कि छह सितंबर की देररात छिरास में पीआरवी वाहन गश्त कर रहा था। इसी दौरान वाहन पर पथराव किए जाने की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष कौड़िया शशि कुमार राणा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
आरोप है कि शुक्ल पुरवा छिरास निवासी गिरवर दयाल उर्फ नागा और उसके भाई शिवदयाल उर्फ सचिन उर्फ ददऊ ने पुलिस टीम पर पथराव करते हुए बांका व फरसा से हमला कर दिया। घटना में पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके विरुद्ध कौड़िया थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार गिरवर दयाल के खिलाफ वर्ष 2022 से अब तक पांच मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, मारपीट, धमकी और अन्य धाराओं के मामले शामिल हैं। वहीं शिवदयाल के खिलाफ भी वर्ष 2024 और 2025 में दो मुकदमे दर्ज हैं। इनमें एससी-एसटी एक्ट की धाराएं भी शामिल हैं।
