गोंडा में पेट्रोल-डीजल की किल्लत, कई पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें; लोग परेशान
गोंडा के छपिया क्षेत्र में डीजल-पेट्रोल की किल्लत से लोग परेशान हैं। मसकनवा समेत कई पंपों पर लंबी कतारें लगी हैं, जिससे दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे है ...और पढ़ें

HighLights
गोंडा के छपिया क्षेत्र में डीजल-पेट्रोल की भारी किल्लत।
पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें, दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे।
उपजिलाधिकारी ने वास्तविक किल्लत से किया इनकार, अफवाहों से बचें।
छपिया (गोंडा)। क्षेत्र में डीजल और पेट्रोल की किल्लत के चलते हालात बिगड़ते नजर आ रहे हैं। मसकनवा, मछमरवा, तेजपुर व फुटहिया सहित क्षेत्र के अन्य पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही वाहनों की लंबी कतारें लगी हैं और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
कई उपभोक्ताओं ने बताया कि समय पर ईंधन न मिलने से उनके दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। गेहूं की फसल की कुटाई का समय नजदीक होने से किसानों में चिंता बढ़ गई है। किल्लत के डर से लोग वाहन कि टंकी फुल कराने के साथ गैलन व डिब्बों में भी डीजल का भंडारण कर रहे हैं, जिससे पंपों पर भीड़ बढ़ रही है।
ईंधन संकट को लेकर पेट्रोल पंप संचालक भी परेशान हैं। सिंगार घाट स्थित पंप के संचालक प्रवेश कश्यप ने बताया कि चार दिन पहले भुगतान के बावजूद अब तक आपूर्ति नहीं पहुंची है, जिससे पंप पर डीजल और पेट्रोल खत्म हो चुका है। गाड़ी क्यों नहीं आई, इसकी स्पष्ट जानकारी भी नहीं मिल पा रही है।
उपजिलाधिकारी मनकापुर अवनीश त्रिपाठी ने बताया कि गैलन व बोतल में पेट्रोल-डीजल देना नियमों के विरुद्ध है और इसकी अनुमति नहीं है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में ईंधन की कोई वास्तविक किल्लत नहीं है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।