विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोंडा और बहराइच में 13.58 करोड़ की लागत से बनेंगे पांच पुल, 100Cr से मार्ग चौड़ीकरण की भी प्रस्ताव

Published: Sun, 13 Sep 2026 07:44 PM (IST)

गोंडा और बहराइच में 13.58 करोड़ रुपये की लागत से पांच नए पुलों का निर्माण होगा, जिसके लिए 2.71 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. गोंडा-बहराइच में 13.58 करोड़ से बनेंगे पांच नए पुल।

  2. पुल निर्माण के लिए 2.71 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी।

  3. गोंडा में 100 करोड़ के सड़क चौड़ीकरण प्रस्ताव को इंतजार।

संवाद सूत्र, गोंडा। गोंडा व बहराइच में 13 करोड़ 58 लाख की लागत से पांच पुल स्वीकृत हुए हैं। इनमें नौ करोड़ 47 लाख रुपये से चार पुल गोंडा व चार करोड़ 10 लाख से एक पुल बहराइच में बनाया जाएगा। इनका निर्माण शुरू कराने को शासन ने दो करोड़ 71 लाख रुपये आवंटित भी कर दिए हैं।

उधर बहराइच में गोंडा मार्ग के चल रहे चौड़ीकरण कार्य को पूरा करने के लिए पांच करोड़ रुपये दिए गए हैंं जबकि गोंडा में इस मार्ग को चौड़ा बनाने के लिए करीब 100 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है,जिसे अब तक स्वीकृति नहीं मिल पाई है।

गोंडा में साेनौली मोहम्मदपुर के रघुवैश्यपुरवा स्थित नाले पर करीब चार करोड़ 95 लाख रुपये से पुल बनाया जाएगा। इसके लिए 99 लाख रुपये मिले हैं। प्राथमिक विद्यालय नकदही के सामने चंदहा नाले पर दो करोड़ 83 लाख रुपये से लघु सेतु बनेगा, जिसके लिए शासन ने 56 लाख रुपये शासन ने अवमुक्त कर दिए हैं।

हरिवशंपुर-बल्ली के मध्य स्थानीय नाले पर 71 लाख से लघु सेतु बनाया जाएगा,जिसके लिए 14 लाख रुपये मिले हैं। जैतपुर संपर्क मार्ग पर क्षतिग्रस्त डिप के स्थान पर 97 लाख से पुल बनाया जाएगा, जिसके लिए 19 लाख रुपये मिले हैं। लोक निर्माण विभाग ने गोंडा-बहराइच स्टेट हाईवे के चौड़ीकरण का भी प्रस्ताव शासन को भेजा है।

गोंडा में लोक निर्माण विभाग खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता पीके त्रिपाठी के मुताबिक 100 करोड़ की लागत वाले प्रस्ताव में 18 किलोमीटर लंबी सड़क की चौड़ाई सात मीटर से बढा़कर दस मीटर किया जाएगा। इससे गोंडा के मिश्रौलिया ओवरब्रिज से आर्यनगर के आगे बहराइच बार्डर तक मार्ग चौड़ा हो जाएगा।

मौजूदा समय में यह सड़क कई जगह खराब हो गई है। चौड़ाई कम होने से अक्सर जाम लगता है। उधर बहराइच में 38 करोड़ 36 लाख रुपये से गोंडा सीमा तक सड़क चौड़ी बन रही है। दस दिन पहले पांच करोड़ और मिले हैं। अब अगर गोंडा वाले हिस्से में भी चौड़ीकरण को स्वीकृति मिली तो इस मार्ग पर आवागमन और सुगम हो जाएगा।

जल्द ही इन सभी पुलों का निर्माण जल्द शुरू हो जाएगा। गोंडा में बहराइच मार्ग चौड़ीकरण का प्रस्ताव शासन में लंबित है। स्वीकृति मिलने के बाद यहां भी निर्माण शुरू कराया जाएगा। -योगेंद्र सिंह, अधीक्षण अभियंता लाेक निर्माण विभाग।

यह भी पढ़ें- अयोध्या-झांसी सहित आठ जिलों में खुलेगा मंडलीय कैंसर उपचार सेंटर, पीपीपी मॉडल पर होगा संचालित