विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अयोध्या-झांसी सहित आठ जिलों में खुलेगा मंडलीय कैंसर उपचार सेंटर, पीपीपी मॉडल पर होगा संचालित

Published: Sun, 13 Sep 2026 07:26 PM (IST)

अयोध्या सहित आठ जिलों में पीपीपी मॉडल पर मंडलीय कैंसर उपचार केंद्र खोले जाएंगे, जिससे कैंसर रोगियों को स्थानीय स्तर पर ही संपूर्ण चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।

अयोध्या, झांसी सहित आठ जिलों में खुलेगा मंडलीय कैंसर उपचार सेंटर।

अयोध्या, झांसी सहित आठ जिलों में खुलेगा मंडलीय कैंसर उपचार सेंटर।

HighLights

  1. राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज, अयोध्या में जल्द शुरू होगी कैंसर चिकित्सा।

  2. अयोध्या समेत आठ जिलों में पीपीपी मॉडल पर खुलेंगे कैंसर उपचार केंद्र।

  3. सिफ्सा और शासन के अधिकारियों ने प्रस्ताव को दी अंतिम मंजूरी।

प्रमोद दुबे, अयोध्या। कैंसर रोगियों को अब रामनगरी में राहत मिलने की उम्मीद है। यदि सब कुछ ठीक रहा तो जल्द ही इस बीमारी की संपूर्ण चिकित्सा राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध हो सकेगी। इसके लिए शासन स्तर पर मंथन चल रहा है।

अयोध्या सहित अन्य चुनिंदा जिलों में कैंसर केयर यूनिट का संचालन पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) माडल पर किया जाएगा। इसके लिए सरकार की संस्था सिफ्सा के अधिशासी निदेशक और शासन के अधिकारियों के साथ बैठक भी हो चुकी। इसमें अयोध्या, सहारनपुर, बांदा, झांसी, कन्नौज, शाहजहांपुर, आजमगढ़ और चंदौली का नाम इस यूनिट की स्थापना के लिए तय किया गया है।

इसको लेकर अधिशासी निदेशक सिफ्सा की अध्यक्षता में बैठक की गई थी, जिसमें महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य डा. अलका शर्मा, महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा, निदेशक कल्याण सिंह कैंसर संस्थान सहित सात सदस्यीय टीम ने प्रस्ताव पर मुहर लगा भी दी है।

दरअसल कैंसर रोगियों की संख्या जिलों में भी बढ़ रही है, लेकिन कई जिलों में खोले गये मेडिकल कॉलेज में इसके उपचार की व्यवस्था सुलभ नहीं है। इस समस्या के समाधान के लिए शासन ने पीपीपी मॉडल पर मंडलीय कैंसर उपचार केंद्र संचालित करने का फैसला लिया है। इसके लिए विभिन्न मंडलों के जिलों का चयन किया गया है। इसके लिए इच्छुक संस्थानों को आमंत्रित किया जाएगा।

सूचीबद्ध की गई इकाइयों के चयन को अंतिम रूप देने से पहले चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सा स्वास्थ्य, एनएचएम और सिफ्सा की टीम गठित कर स्थलीय निरीक्षण करेगी, जिससे परियोजना प्रस्ताव में इंफ्रास्ट्रक्चर की वास्तविक स्थिति का पता चल सके।

बैठक में इंफ्रास्ट्रक्चर की उपलब्धता का आकलन दो सप्ताह में किये जाने का फैसला लिया गया है। अब इसका पत्र महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण की ओर ये अपर निदेशक डा. आलोक कुमार ने मेडिकल कॉलेज को भेजा है।

इस प्रकार होगी कैंसर उपचार केंद्र की व्यवस्था

शासन से जारी पत्र में इंफ्रास्ट्रक्चर मेडिकल कॉलेजों की ओर से उपलब्ध कराया जाएगा, जिसमें पीपीपी माडल वाली संस्था कैंसर स्क्रीनिंग, निदान, उपचार, रोगी नेविगेशन एवं फॉलोअप श्रृंखला संचालित करेगी।

मंडलीय कैंसर उपचार केंद्र के लिए मेडिकल कॉलेज का नाम शामिल है, लेकिन अभी कोई विस्तृत जानकारी वाला पत्र नहीं मिला है। विस्तृत पत्र आने के बाद ही पूरी जानकारी दी जा सकती है। -डॉ. दिनेश सिंह मर्तोलिया, प्राचार्य आरडी मेडिकल कॉलेज।

यह भी पढ़ें- एक नहीं तीन-तीन सरकारी नौकरी हासिल कर चमकाया नाम, सिपाही-दारोगा के बाद लेखपाल बनीं अयोध्या की मौसम शुक्ला