गोंडा में कर्नलगंज के खाली प्लॉट में मिला युवक का सड़ा-गला शव, जांच में जुटी पुलिस
गोंडा के कर्नलगंज स्थित भभुआ गांव में एक खाली प्लॉट से अज्ञात युवक का सड़ा-गला शव मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
कर्नलगंज के भभुआ गांव में मिला सड़ा-गला शव।
शव करीब एक सप्ताह पुराना, पहचान नहीं हो पाई।
पुलिस ने डॉग स्क्वायड, फॉरेंसिक टीम से साक्ष्य जुटाए।
संवाद सूत्र, कर्नलगंज (गोंडा)। भभुआ गांव में एक खाली प्लॉट से अज्ञात युवक का सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव करीब एक सप्ताह पुराना बताया जा रहा है, जिससे काफी तेज दुर्गंध आ रही थी।
कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि देर रात स्थानीय लोगों से सूचना मिली थी कि रिटायर्ड पुलिसकर्मी ब्रजेश बहादुर सिंह के मकान के बगल में स्थित एक खाली प्लॉट में शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची। शव पूरी तरह सड़ चुका था और चेहरा विकृत होने के कारण मृतक की पहचान नहीं हो पा रही है। मृतक युवक की उम्र करीब 30 वर्ष के आसपास बताई जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत का सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
फिलहाल, युवक की शिनाख्त के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया जा रहा है, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि घटना से जुड़े सुराग मिल सकें। कोतवाल ने बताया कि मामले की पूरी बारीकी से जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।