अवधी के रंग में रंगे बिग-बी, गोंडा की महिला डॉक्टर के पॉडकास्ट ने जीता दिल
अमिताभ बच्चन ने गोंडा की वरिष्ठ प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. अनीता मिश्रा के पॉडकास्ट से जुड़ी पोस्ट साझा की, जिसमें उन्होंने अवधी में अपना अनुभव बताया।
-1788796188852_m.webp)
महिला डॉक्टर का अवधी पॉडकास्ट ने बिग-बी का जीता दिल।
HighLights
अमिताभ बच्चन ने डॉ. अनीता मिश्रा के पॉडकास्ट की तारीफ की।
बिग बी ने अवधी में अपना अनुभव साझा कर दिल जीता।
गोंडा की डॉक्टर अनीता ने अमिताभ का आभार व्यक्त किया।
जागरण संवाददाता, गोंडा। अमिताभ बच्चन ने रविवार को गोंडॉ की वरिष्ठ प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. अनीता मिश्रा के एक चैनल पर प्रसारित पॉडकास्ट से जुड़ी पोस्ट साझा की। पोस्ट में उन्होंने अवधी में अपना अनुभव साझा करते हुए लिखा कि कार्यक्रम देखकर वह हंसते-हंसते लोटपोट हो गए।
‘एक ठो चैनल पे अवधी बोले देखे भैया... का बतावें तोहका, मजा आई गवा भैया...’ सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने जब अपने फेसबुक पेज पर अवधी के इसी अंदाज में अपनी बात रखी तो इंटरनेट मीडिया पर लोगों ने खूब साकारात्मक प्रतिक्रिया दी।
बिग बी ने आगे अवधी में लिखा-‘गए रहे मिलने पड़ोसन के, कुकुर जौन पाले रहा खदेड़ लिहिस हमका, पायजामा उठाए जौन भागे हैं हम... सड़कवा पे लोग कहें पगलाय गए तुम का?’ अमिताभ की अवधी की इस दिलचस्प प्रस्तुति ने इंटरनेट मीडिया के पाठकों का ध्यान खींच लिया।
लोगों ने उनकी पोस्ट को साझा करने के साथ ही तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं और उनके अवधी अंदाज की खूब सराहना की।अमिताभ बच्चन द्वारा अपने पॉडकास्ट से जुड़ी पोस्ट साझा किए जाने पर डॉ. अनीता मिश्रा ने खुशी जताई। उन्होंने कहा, यह मेरे लिए सचमुच बेहद खास, भावुक और अविस्मरणीय पल है। उन्होंने बिग बी का आभार भी जताया।
डॉ. अनीता की फेसबुक पोस्ट को लेकर दैनिक जागरण ने ही सबसे पहले चार सितंबर को खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद यह मामला इंटरनेट मीडिया पर चर्चा में आया और अब अमिताभ बच्चन की पोस्ट ने इसे और चर्चित बना दिया है।
मूल रूप से कर्नाटक के बेंगलुरु की रहने वाली डॉ. अनीता मिश्रा की पूरी शिक्षा-दीक्षा कर्नाटक में हुई। विवाह गोंडॉ के चिकित्सक डॉ. पुण्योदय मिश्र से हुआ तो गोंडॉ ही उनकी कर्मभूमि बन गया। पिछले 28 वर्षों से वह गोंडॉ में चिकित्सा सेवाएं दे रही हैं।
मरीजों से संवाद करते-करते उन्होंने अवधी को न केवल समझना सीखा, बल्कि अब सहजता से बोल भी लेती हैं। गत सप्ताह मरीजों से अवधी में बातचीत करते हुए उनका एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था। इसी सिलसिले में उनका पॉडकास्ट भी चर्चा में आया।
