विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजीपुर में बनेगा एक्सप्रेस-वे जंक्शन, 47 गांवों की जमीन का गजट जारी; भूमि अधिग्रहण पर 10 दिन में मांगी आपत्ति

Published: Thu, 03 Sep 2026 09:57 PM (IST)

हैदरिया विंध्य-पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और NH-31 ग्रीन फील्ड के जुड़ने से पूर्वांचल का महत्वपूर्ण आवागमन केंद्र बनेगा। यूपीडा ने भूमि अधिग्रहण ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. हैदरिया बनेगा विंध्य-पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का मुख्य केंद्र।

  2. भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया यूपीडा द्वारा शुरू, 52 गांव प्रभावित।

  3. पूर्वांचल में आवागमन और कनेक्टिविटी में होगा सुधार।

शिवानंद राय, गाजीपुर। विंध्य-पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का सबसे महत्वपूर्ण केंद्र हैदरिया होगा। यहां विंध्य एक्सप्रेस-वे और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के अलावा एक्सप्रेस जैसी ही सुविधाओं से युक्त गाजीपुर-बलिया-मांझीघाट नेशनल हाईवे-31 ग्रीन फील्ड भी कुछ ही दूरी पर जुड़ेगा। इसके बनने से हैदरिया क्षेत्र पूर्वांचल में आवागमन का महत्वपूर्ण केंद्र बन जाएगा।

लोग यहां से अलग-अलग गंतव्यों के लिए एक्सप्रेसवे और राष्ट्रीय राजमार्ग की सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को प्रस्तावित विंध्य एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाले विंध्य-पूर्वांचल स्पर एक्सप्रेसवे के लिए जमीन खरीद प्रक्रिया शुरू हो गई है।

उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) की ओर से अधिग्रहण संबंधी गजट जारी कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने प्रस्तावित करीब 560 हेक्टेयर भूमि को लेकर संबंधित भू-स्वामियों से 10 दिनों के भीतर आपत्ति मांगी है। गजट प्रकाशन के बाद अब परियोजना के धरातल पर उतरने की प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है।

आपत्तियों के निस्तारण के बाद आगे बढ़ेगी प्रक्रिया

प्रस्तावित एक्सप्रेसवे जिले की तीन तहसीलों मुहम्मदाबाद, सेवराई और जमानियां से होकर गुजरेगा। परियोजना से इन तहसीलों के 52 गांव प्रभावित होंगे, जबकि पहले चरण में 48 गांवों की भूमि से संबंधित गजट प्रकाशन किया गया है। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और मुख्य राजस्व अधिकारी सुनील कुमार त्रिवेदी की ओर से संबंधित भू-स्वामियों को निर्धारित अवधि में अपनी आपत्ति दर्ज कराने को कहा गया है। आपत्तियों के निस्तारण के बाद भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

प्रस्तावित विंध्य-पूर्वांचल एक्सप्रेसवे हैदरिया से होकर करीब 48 किलोमीटर गाजीपुर जिले में गुजरेगा। यह मार्ग चंदौली होते मीरजापुर को जोड़ेगा। भविष्य में इसके गंगा एक्सप्रेसवे से भी जुड़ने की संभावना है। इससे पूर्वांचल के जिलों के बीच संपर्क और बेहतर होने के साथ ही बड़े शहरों तक पहुंच आसान होगी।

लखनऊ जाने का भी मिलेगा सीधा मार्ग

हैदरिया की अहमियत इसलिए भी बढ़ रही है कि यहां से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का प्रवेश मार्ग पहले से उपलब्ध है। करीब 340 किलोमीटर लंबा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे लखनऊ तक सीधा संपर्क उपलब्ध कराता है। इसके अलावा गाजीपुर-बलिया-हाजीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-31 भी इसी क्षेत्र से होकर गुजरता है।

यह भी पढ़ें- लखनऊ में घर खरीदने वालों को LDA का बड़ा ऑफर, जन्माष्टमी और गणेश चतुर्थी पर मिलेगा का बंपर डिस्काउंट

भविष्य में एनएच-31 के ग्रीनफील्ड मार्ग के जुड़ने से हैदरिया में यातायात का दबाव और गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। एक्सप्रेसवे परियोजनाओं के आकार लेने के बाद हैदरिया पूर्वांचल के बड़े परिवहन केंद्र के रूप में विकसित हो सकता है।