गाजीपुर में पीसीएफ गोदाम पर 300 किसानों को बंटा टोकन, सिर्फ 100 को मिली खाद
गाजीपुर के जमानियां में खाद की किल्लत से किसान परेशान हैं। हेतिमपुर स्थित पीसीएफ गोदाम पर 500 से अधिक किसान जुटे, जहां टोकन प्रणाली से 300 को टोकन मिल ...और पढ़ें

पीसीएफ गोदाम पर 300 किसानों को बंटा टोकन।
HighLights
जमानियां में खाद की किल्लत से किसान परेशान।
पीसीएफ गोदाम पर 500 से अधिक किसानों की भीड़।
300 टोकन बंटे, सिर्फ 100 किसानों को मिली खाद।
जागरण संवाददाता, जमानियां (गाजीपुर)। तहसील क्षेत्र में खाद की किल्लत को लेकर किसानों की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। हेतिमपुर स्थित पीसीएफ के गोदाम पर सोमवार को खाद लेने के लिए 500 से अधिक किसानों की भीड़ जुट गई।भारी भीड़ को देखते हुए सचिव को पुलिस बुलाना पड़ा।
भीड़ और अव्यवस्था पर काबू पाने के लिए पुलिस द्वारा टोकन प्रणाली के तहत खाद का वितरण कराया गया।कुल 300 किसानों को टोकन बंटा लेकिन 100 किसानों को ही खाद मिला।बाकी किसानों को मायूस होकर वापस जाना पड़ा।
पीसीएफ गोदाम पर खाद के लिए पहुंची किसानों की भारी भीड़ को देखते हुए 300 टोकन किसानों को वितरित किया गया।टोकन वितरण के बाद दोपहर एक बजे के बाद खाद का वितरण शुरू हुआ जो शाम पांच बजे तक चला जिसमें महज 100 किसानों को ही खाद मिला और शेष 200 किसानों को खाद नहीं मिला। जिससे उन्हें भारी परेशानी हुई।
खाद लेने के लिए केंद्र पर पहुंचे मच्छरमारा के किसान सदानंद, नूरपुर के धनंजय, चकिया के मनई, सुग्रीव, दीनानाथ व कसेरा के किसान शैलेंद्र ने बताया कि केंद्र पर हम लोग भी खाद लेने पहुंचे थे।
धूप में खड़े होकर टोकन लिए लेकिन 100 किसानों के बाद खाद मिलना बंद हो गया। इससे केवल मायूसी हाथ लगी।समय बर्बाद करने के बाद भी खाद नहीं मिला।
सरकार को किसानों के खाद वितरण में कोई नई व्यवस्था लागू करनी चाहिए जिससे खाद मिल सके।इस समय खेतों में छिड़काव के लिए खाद की जरूरत है।केंद्र के सचिव राजेश भारती ने बताया कि 200 किसान जिनको टोकन मिला है उनको खाद मंगलवार को वितरण होगा।