गाजियाबाद में कमरे में खाना बनाते समय गैस सिलिंडर में लगी आग, पिता-पुत्र झुलसे
लोनी के ट्रोनिका सिटी में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर लीक होने से आग लग गई। इस दुर्घटना में पिता उदय राज और पुत्र दीपक गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें दिल ...और पढ़ें

लोनी में खाना बनाते समय सिलिंडर लीक होने से पिता-पुत्र झुलसे।
HighLights
लोनी में गैस सिलेंडर लीक होने से कमरे में लगी आग।
पिता उदय राज और पुत्र दीपक आग में गंभीर रूप से झुलसे।
घायलों को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया।
संवाद सहयोगी, लोनी। ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र पूजा कालोनी स्थित एक मकान के कमरे में सोमवार रात गैस चूल्हे पर खाना बनाते समय सिलिंडर लीक होने से आग लग गई। आग की चपेट में आने से कमरे में मौजूद पिता-पुत्र झुलस गए। घायलों को 50 शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें दिल्ली जीटीबी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहीं मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया।
मूलरूप से कन्नीपुर गोंडा के उदय राज सिंह (50 ) अपने पुत्र दीपक (22) के साथ पिछले करीब एक वर्ष से ट्रोनिका सिटी क्षेत्र की पूजा कालोनी में एक किराए के मकान में रहते हैं। दोनों औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक खिलौने की फैक्ट्री में काम करते हैं। जिस कमरे में सोते हैं उसी में रसोई भी है।
उनके रिश्तेदार करन ने बताया कि सोमवार रात वह अपने घर भोला कालोनी में थे। इसी दौरान उन्हें घटना की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे तो घायल बेटे ने बताया कि वह पिता के साथ रोटी बनाने में मदद कर रहा था। जैसे ही पिता उदयराज ने चूल्हा जलाने के लिए माचिस जलाई तो अचानक लीक हो रहे पांच किलो सिलिंडर में आग लग गई। आग की चपेट में आकर वह और पिता गंभीर रूप से झुलस गए।
चीख सुनकर आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंच पुलिस को सूचना दी। लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया और तो अचानक सिलिंडर फट गया। कुछ ही देर में आग ने पूरे कमरे को चपेट में ले लिया। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक घरेलू सामान जलकर राख हो गया।
खबरें और भी
मौके पर पहुंची पुलिस ने स्वजन के साथ घायलों को 50 शैय्या संयुक्त अस्पताल में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर देख चिकित्सक ने उन्हें दिल्ली जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया। एसीपी ने बताया कि गैस लीक होने से आग का अंदेशा है। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। जांच की जा रही है।
ऐसे करें दुर्घटनाओं से बचाव
इस बारे में अग्निशमन विभाग के लोनी फायर निरीक्षक गौरव कुमार का सुझाव है क गैस सिलिडर बेड रूम में नहीं रखना चाहिए। उसे रसोई घर में रखा जाना चाहिए तथा उसमें हवा की आवाजाही अच्छी होनी चाहिए। गैस सिलेंडर तथा चूल्हा वैध डीलर से ही खरीदा जाना चाहिए। गैस चूल्हे आदि की समय समय पर मेंटेनेंस की जानी चाहिए। रसोई गैस लीक होने पर परिवार के सदस्यों को बाहर सुरक्षित स्थान पर निकालकर दरवाजे खिड़कियां खोल देनी चाहिए।