गाजियाबाद के फर्रुखनगर में प्लास्टिक कबाड़ गोदाम में लगी भीषण आग, घंटों बाद पाया काबू
साहिबाबाद के फर्रुखनगर में एक प्लास्टिक कबाड़ गोदाम में भीषण आग लग गई। मंगलवार शाम लगी आग की लपटें कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दीं। दमकल विभाग की टीमों न ...और पढ़ें
HighLights
फर्रुखनगर में प्लास्टिक कबाड़ गोदाम में भीषण आग लगी।
दमकल विभाग ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई।
घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, कारण अज्ञात।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। टीला मोड़ थाना क्षेत्र के फर्रुखनगर में मंगलवार की शाम एक प्लास्टिक के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तीव्र थी कि कई किलोमीटर दूर तक लपटें दिखाई दीं। दमकल विभाग की टीम ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। देर शाम तक कूलिंग का काम चल रहा था। इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। वहीं आग लगने के कारणों का भी पता नहीं चल सका।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि लोनी के निस्तौली गांव निवासी श्रीपाल सिंह के प्लाट में दिल्ली निवासी अनीस और रिजवान कबाड़ का काम करते हैं। इस प्लाट में सबसे अधिक भंडारण प्लास्टिक का है। कबाड़ काफी दूरी तक फैला रहता है। मंगलवार शाम अचानक गोदाम में आग लग गई। ऊंची लपटें देखकर घटना का पता चला।
पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया
मौके पर पन्नी व कबाड़ बीनने वालों ने पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो सके। घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई। राहुल पाल ने बताया कि सूचना पर तत्काल वैशाली व नगर कोतवाली, रूपनगर, मोदीनगर व लोनी से दमकल की गाड़ियां बुलाई गई।
करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। सीएफओ ने बताया कि देर शाम तक पानी डालकर कूलिंग का काम किया गया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। आग के कारणों की जांच की जा रही है।