विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लोनी भाजपा में 'महाभारत': विधायक नंदकिशोर गुर्जर और ईश्वर मावी आमने-सामने, विपक्ष और समर्थकों ने की अलग-अलग पंचायतें

Published: Tue, 08 Sep 2026 07:01 PM (IST)

लोनी में भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर और नेता ईश्वर मावी के बीच विवाद गहरा गया है, जिसके चलते विधायक के पक्ष और विपक्ष में कई पंचायतें हुई हैं।

HighLights

  1. भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर और नेता ईश्वर मावी में विवाद।

  2. विवाद के बाद विधायक के पक्ष-विपक्ष में कई पंचायतें हुईं।

  3. विधायक पर गाली-गलौज और पार्टी विचारधारा से भटकने का आरोप।

संवाद सहयोगी, लोनी। भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर और उनकी ही पार्टी के नेता ईश्वर मावी के बीच विवाद ने तूल पकड़ लिया है। सियासी कुनबे में रार इस कदर मची है कि भाजपा की महाभारत पंचायत तक में जा पहुंची है।

मंगलवार को ईश्वर मावी के समर्थकों ने विधायक के खिलाफ पंचायत की तो विधायक के पक्ष में भी दो गांवों में पंचायत हुई। विवाद की शुरुआत पांच अगस्त की शाम एक रेस्टोरेंट में होने वाली बैठक और प्रेस कांफ्रेंस से शुरू हुई, जहां पुलिस ने इसे रुकवा दिया।

रेस्टोरेंट मैनेजर ने पुलिस को शिकायत दी कि बैठक करने वाले नेता ग्राहकों को भगा रहे थे और बिना अनुमति प्रेस कांफ्रेंस कर रहे थे। इस पर विधायक भी वहां पहुंच गए और गहमागहमी के वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गए।

वीडियो में विधायक नंदकिशोर गुर्जर गाली-गलौज करते सुनाई दे रहे हैं। इसके खिलाफ मंगलवार को भाजपा नेता ईश्वर मावी ने पंचायत में कहा कि पार्टी की विचारधारा से अलग का काम कर रहे हैं।

अगली पंचायत में निर्णय लेने की कही बात

पंचायत अध्यक्ष राजपाल ने कमेटी बनाकर अगली पंचायत में गाली-गलौज पर कुछ निर्णय लेने की बात कही है। ओबीसी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष योगेंद्र मावी ने कहा कि विधायक की विचारधारा ही भाजपा की नहीं है।

वहीं, निठौरा और रिस्तल गांव के लोगों ने विधायक के पक्ष में पंचायत की। लोगों ने कहा कि लोनी विधायक हिंदुत्व और विकास के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।

विधायक नंद किशोर गुर्जर ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि कुछ लोग हाजी सलमान के पक्ष में प्रेस वार्ता कर रहे हैं। इस पर आपत्ति जताते हुए उनकी कहासुनी हुई थी।

वहां मौजूद ईश्वर मावी को कुछ नहीं कहा है और न ही अभद्र भाषा का प्रयोग किया है। एआइ द्वारा वीडियो बनाकर उन्हें बदनाम किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- विधायक नंदकिशोर गुर्जर को धमकी, वीडियो वायरल होने पर केस दर्ज, रशीद अली गेट पर हनुमान चालीसा पाठ का एलान