Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गाजियाबाद: सीएचसी से भागा युवक ट्रक की चपेट में आया, चार पुलिसकर्मी निलंबित

    Updated: Fri, 10 Apr 2026 05:11 AM (IST)

    मुरादनगर सीएचसी से पुलिस हिरासत से भागा युवक दिल्ली-मेरठ मार्ग पर ट्रक से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया। ...और पढ़ें

    मुरादनगर सीएचसी से पुलिस हिरासत से भागा युवक दिल्ली-मेरठ मार्ग पर ट्रक से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया। जागरण

    मुरादनगर सीएचसी से पुलिस हिरासत से भागा युवक दिल्ली-मेरठ मार्ग पर ट्रक से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया। जागरण

    HighLights

    1. पुलिस हिरासत से भागा युवक ट्रक से टकराकर गंभीर घायल।

    2. परिजनों ने थाने में पुलिस लापरवाही पर किया हंगामा।

    3. चार पुलिसकर्मी निलंबित, निवाड़ी थाना प्रभारी की जांच।

    जागरण संवाददाता, मोदीनगर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरादनगर में निवाड़ी पुलिस की पकड़ से छूटकर भागा युवक दिल्ली-मेरठ मार्ग पर ट्रक से टकरा गया। युवक की गाजियाबाद के अस्पताल में हालत गंभीर बनी है। मामले में पुलिसकर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को निवाड़ी थाने में जाेरदार हंगामा किया गया।

    करीब एक घंटे तक पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की गई। एसीपी ने किसी तरह उन्हें शांत किया। देर शाम डीसीपी ग्रामीण ने पतला चौकी प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।

    निवाड़ी थाना क्षेत्र के कस्बा पतला के अमित कुमार पतला नगर पंचायत में आउटसोर्स कर्मचारी हैं।  मंगलवार रात को अमित पतला में अपने साथियों के साथ खुले में शराब पी रहे थे। इस बीच वहां गश्त करती हुई निवाड़ी पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने खुले में शराब पीने से रोका तो उनके बीच कहासुनी हो गई।

    इसपर पुलिस अमित को थाने ले आई। यहां से उसे मेडिकल परीक्षण कराने के लिए सीएचसी मुरादनगर ले जाया गया। आरोप है कि सीएचसी मुरादनगर में पुलिस की पकड़ से अमित छूटा और कार से कूदकर दिल्ली-मेरठ मार्ग की तरफ भागने लगे। इसी बीच एक ट्रक ने अमित को टक्कर मार दी। जिसमें अमित गंभीर रूप से घायल हो गए।

    अमित गाजियाबाद के अस्पताल में आइसीयू में भर्ती हैं। मामले में पुलिसकर्मियाें पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार दोपहर पतला से बड़ी संख्या में लोग व अमित के स्वजन निवाड़ी थाने पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस मुर्दाबाद की नारेबाजी की गई।

    खबरें और भी

    हंगामा बढ़ने की सूचना पर एसीपी मोदीनगर भी मौके पर पहुंचे। करीब दाे घंटे तक चले हंगामे के बाद किसी तरह पुलिस ने लोगों को शांत किया। लोगों ने चेतावनी दी यदि पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो शांत नहीं बैठेंगे। देर शाम डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी ने पतला चौकी प्रभारी दारोगा लोकेंद्र, दारोगा शाहिद खान, हेड कांस्टेबल सचिन मोहन व सिपाही नरेंद्र को निलंबित किया गया है।

    जांच में इनके द्वारा कार्य में लापरवाही सामने आई। हालांकि, मामले में निवाड़ी थाना प्रभारी केके मौर्य की भी भूमिका की जांच की जा रही है। जिस तरह दो दिन पहले भोजपुर थाना प्रभारी पर कार्य में लापरवाही पर गाज गिरी थी। चर्चा है कि उसी तरह निवाड़ी थाना प्रभारी पर भी गाज गिर सकती है।

    रालोद के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस कमिश्नर से की शिकायत

    प्रकरण में राष्ट्रीय लोकदल का प्रतिनिधिमंडल बृहस्पतिवार को पुलिस कमिश्नर जे रविंद्र गौड से मिला। उन्हें शिकायती पत्र देकर पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच कराने की मांग की गई। पुलिस कमिश्नर ने एसीपी मोदीनगर को जांच करने के निर्देश जारी किये। इसके बाद रालोद पदाधिकारी निवाड़ी थाने भी पहुंचे और पुलिस से बात की। मौके पर सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत सिंह बिड्डी, जिलाध्यक्ष रामपाल चौधरी, योगेंद्र पतला आदि उपस्थित रहे।

    थाने में पुलिस पर बेरहमी से पिटाई करने का आरोप

    अमित के पिता सुभाष का कहना है कि अमित अपने तीन दोस्तों के साथ गया था। यदि वह शराब पी रहा था तो उसकों थाने में हवालात में बंद करना चाहिए था। उसे सरकारी अस्पताल में ले जाने की जरुरत क्या पड़ी। थाने में पुलिस ने अमित को बुरी तरह पीटा। पट्टे से उसकी पिटाई की। पुलिस की पिटाई के निशान अमित के शरीर पर हैं।

    पुलिस को अमित घायल हालत में पतला में मिला था। उपचार कराने के लिए अमित को सीएचसी मुरादनगर ले जाया गया था। प्रकरण में चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। अमित के स्वजन की शिकायत पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
    -भास्कर वर्मा, एसीपी मोदीनगर।

    यह भी पढ़ें: 'भारत प्रोटेक्टिव टेक्सटाइल का निर्यातक बन चुका है', 2030 तक 350 अरब डॉलर का उद्योग लक्ष्य