Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Interview: गाजियाबाद में कांवड़ यात्रा के बाद जाम पर चलेगा AI का डंडा, 20 से ज्यादा अवैध कट होंगे बंद

    By Vinit Edited By: Anup Tiwari
    Updated: Sun, 09 Aug 2026 06:07 PM (IST)

    कांवड़ यात्रा के बाद गाजियाबाद में यातायात व्यवस्था सुधारने पर जोर दिया जाएगा। डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन ने बताया कि हापुड़ चुंगी पर एआई आधारित संच ...और पढ़ें

    त्रिगुण बिसेन, डीसीपी ट्रैफिक। जागरण

    त्रिगुण बिसेन, डीसीपी ट्रैफिक। जागरण

    HighLights

    1. कांवड़ यात्रा के बाद जाम वाले स्थानों पर सुधार।

    2. हापुड़ चुंगी पर एआई आधारित यातायात संचालन शुरू होगा।

    3. 20 से अधिक अवैध कट बंद किए जाएंगे।

    जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। कांवड़ यात्रा समाप्त होने के बाद गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस की चुनौतियां समाप्त नहीं होंगी। जाम समाप्त करना यातायात पुलिस की प्राथमिकता है।

    हालांकि धरातल पर बीते कुछ वर्षों में ऐसा काम दिखाई नहीं दिया जिससे वाहन चालकों को जाम से राहत मिल सके। छोटे प्रयास जरूर हुए हैं, लेकिन वाहनों के बढ़ते दबाव के कारण उससे राहत कम ही मिल पाई है।

    हापुड़ चुंगी चौराहे पर एआइ आधारित यातायात संचालन शुरू करने की भी तैयारी है। यातायात नियमों का पालन कराने के लिए आइटीएमएस से हर महीने करीब सवा लाख चालान किए जा रहे हैं।

    यातायात व्यवस्था और आगे की कार्ययोजना को लेकर दैनिक जागरण संवाददाता विनीत कुमार ने डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन से बातचीत की। प्रस्तुत हैं बातचीत के प्रमुख अंश...

    प्रश्न- शहर को जाम से राहत दिलाने के लिए कांवड़ यात्रा के बाद सबसे पहले किन स्थानों पर काम होगा?

    उत्तर- कांवड़ यात्रा के बाद जाम वाले प्रमुख स्थानों पर यातायात व्यवस्था सुधारने का काम प्राथमिकता पर किया जाएगा। छिजारसी और नोएडा सेक्टर-62 के सामने बसों के कारण यातायात प्रभावित होता है। अभी बेरिकेड और रस्सी लगाकर व्यवस्था सुधारने का प्रयास किया जा रहा है।

    इसका स्थायी समाधान जरूरी है। इसलिए अलग बस लेन बनाने पर विचार किया जा रहा है। इस संबंध में एनएचएआइ से चर्चा की जाएगी। कोशिश होगी कि बसों का संचालन इस तरह हो कि मुख्य मार्ग का यातायात प्रभावित न हो।

    इसके अलावा अन्य प्रमुख जाम वाले स्थानों को भी चिह्नित कर वहां यातायात के दबाव के अनुसार व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा।

    प्रश्न- 20 से अधिक अवैध कट बंद करने की बात कही जा रही है। इससे यातायात और सड़क सुरक्षा में कितना सुधार आएगा?

    उत्तर- अवैध कट यातायात के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के लिए भी बड़ी समस्या हैं। प्रमुख मार्गों पर 20 से अधिक ऐसे कट चिह्नित किए गए हैं, जिन्हें बंद किया जाना है। इन कटों से अचानक वाहन मुख्य मार्ग पर आते हैं और कई बार दुर्घटना की स्थिति बनती है।

    खबरें और भी

    कट बंद होने से वाहनों का आवागमन निर्धारित स्थानों से होगा और सड़क हादसों की आशंका कम होगी। इसके लिए संबंधित विभागों से समन्वय किया जाएगा। हमारा प्रयास रहेगा कि यातायात सुचारु करने के साथ सड़क सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी जाए।

    प्रश्न- आइटीएमएस से हर महीने करीब सवा लाख चालान हो रहे हैं। क्या इतनी बड़ी संख्या में चालान करना ही समाधान है?

    उत्तर- चालान करना हमारा उद्देश्य नहीं, बल्कि नियमों का पालन कराना उद्देश्य है। चालान के माध्यम से वाहन चालकों को यह एहसास कराया जाता है कि यातायात नियमों की अनदेखी करने का परिणाम भुगतना पड़ेगा।

    इससे सड़क हादसों में कमी लाने में मदद मिलेगी और लोगों की जान बचेगी। आइटीएमएस से हर महीने करीब सवा लाख चालान हो रहे हैं। इनमें सर्वाधिक चालान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के हैं।

    लाल बत्ती पर जेब्रा क्रासिंग का उल्लंघन करने वालों के भी चालान किए जा रहे हैं। वाहन चालकों को समझना होगा कि जेब्रा क्रासिंग पैदल यात्रियों के लिए होती है और लाल बत्ती पर वाहन उससे पीछे रोकना चाहिए।

    प्रश्न- हापुड़ चुंगी चौराहे पर एआइ आधारित यातायात संचालन कैसे जाम कम करेगा?

    उत्तर- हापुड़ चुंगी पर एआइ आधारित यातायात संचालन शुरू करने की तैयारी है। जल्द ही संबंधित एजेंसी से बातचीत कर इस दिशा में काम शुरू किया जाएगा। यातायात प्रबंधन में तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाना जरूरी है।

    एआइ के माध्यम से चौराहे पर वाहनों के दबाव और यातायात की स्थिति के अनुसार संचालन को बेहतर करने में मदद मिलेगी। इससे यातायात पुलिस को भी मौके की स्थिति समझने और उसके अनुसार व्यवस्था बनाने में सुविधा होगी।

    हमारा प्रयास है कि आने वाले समय में तकनीक का इस्तेमाल यातायात संचालन को ज्यादा प्रभावी और व्यवस्थित बनाने में किया जाए।

    प्रश्न- लालकुआं पर आए दिन जाम लगता है। यहां क्या बदलाव किया जाएगा जिससे वाहन चालकों को राहत मिले?

    उत्तर- लालकुआं शहर के अति व्यस्त चौराहों में है। यहां यातायात के दबाव को देखते हुए डिवाइडर को तोड़कर उसकी चौड़ाई कम करने की योजना है। इससे सड़क पर यातायात के लिए अतिरिक्त जगह मिल सकेगी और वाहनों के आवागमन को बेहतर किया जा सकेगा। यह काम एनएचएआइ को करना है।

    जल्द ही एनएचएआइ अधिकारियों से वार्ता कर मौके पर काम शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा। शहर में जाम की समस्या का समाधान सिर्फ पुलिस के स्तर पर संभव नहीं है।

    सड़क की चौड़ाई, डिवाइडर, कट, बस संचालन और अन्य कारणों को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों के साथ मिलकर काम करना होगा। इसी दिशा में अब चरणबद्ध तरीके से काम किया जाएगा।

    यह भी पढ़ें- शास्त्री पार्क और न्यू उस्मानपुर में DDA की जमीन पर अवैध पार्किंग का खेल, ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई के लिए लिखा पत्र

    यह भी पढ़ें- दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर जीरो ट्रैफिक प्लान: दोनों लेन कांवड़ियों के लिए रिजर्व, गाड़ियां बैन