आरसी-आधार में नाम नहीं मिला तो मोबाइल अपडेट बंद, प्रदूषण प्रमाणपत्र बनवाने में परेशानी
गाजियाबाद में आरसी और आधार कार्ड में नाम के मिलान न होने से वाहन पोर्टल पर मोबाइल नंबर अपडेट करने ...और पढ़ें

आरसी और आधार कार्ड में दर्ज नाम का मिलान नहीं होने से वाहन स्वामियों को परेशानी हो रही है। (एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
आरसी-आधार नाम बेमेल से मोबाइल अपडेट में समस्या।
प्रदूषण प्रमाणपत्र बनवाने में वाहन स्वामियों को दिक्कत।
ऑटो अप्रूवल व्यवस्था लागू होने से बढ़ी परेशानी।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी) और आधार कार्ड में दर्ज नाम का मिलान नहीं होने से वाहन पोर्टल पर मोबाइल नंबर अपडेट कराने में वाहन स्वामियों को परेशानी हो रही है। मोबाइल नंबर अपडेट नहीं होने के कारण प्रदूषण प्रमाणपत्र (पीयूसी) बनवाने में भी दिक्कत आ रही है। समस्या के समाधान के लिए रोजाना 50 से अधिक वाहन स्वामी आरटीओ कार्यालय पहुंच रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार, 20 जुलाई से ऑटो अप्रूवल व्यवस्था लागू होने के बाद से यह समस्या अधिक सामने आ रही है। आनलाइन प्रक्रिया में आरसी और आधार में नाम का मिलान नहीं होने पर मोबाइल नंबर अपडेट की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ रही है। पुराने वाहनों की आरसी में नाम की स्पेलिंग अथवा नाम के क्रम में मामूली अंतर होने पर भी आवेदन अटक जा रहा है।
सीधा असर पीयूसी प्रमाणपत्र बनवाने पर पड़ रहा
मोबाइल नंबर अपडेट नहीं होने का सीधा असर पीयूसी प्रमाणपत्र बनवाने पर पड़ रहा है। प्रदूषण प्रमाणपत्र जारी करने के दौरान पंजीकृत मोबाइल नंबर पर ओटीपी भेजा जाता है। नंबर अपडेट नहीं होने से ओटीपी वाहन स्वामी के मोबाइल पर नहीं पहुंचता और प्रमाणपत्र जारी नहीं हो पाता।
इसके चलते वाहन चालक आरटीओ कार्यालय के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। लोनी के अमित कुमार ने बताया कि उनकी आरसी में नाम की स्पेलिंग और आधार कार्ड में दर्ज नाम में मामूली अंतर है। आनलाइन मोबाइल नंबर अपडेट नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि मोबाइल नंबर अपडेट नहीं होने से पीयूसी प्रमाणपत्र बनवाने में भी परेशानी हो रही है।
ओटीपी नहीं आने के कारण प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाती
उनका कहना है कि छोटी सी नाम की त्रुटि के कारण पूरी प्रक्रिया रुकने से वाहन स्वामियों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ रही है। पीयूसी केंद्र संचालक राजेश शर्मा के मुताबिक, कई वाहन स्वामी मोबाइल नंबर अपडेट नहीं होने की समस्या लेकर पहुंच रहे हैं। ओटीपी नहीं आने के कारण प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाती।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि यह समस्या आटो अप्रूवल लागू होने के बाद से उत्पन्न हुई है। इसके अलावा अन्य प्रदेशों में आरसी और आधार कार्ड में अगर नाम में कोई बदलाव होता है, तो नंबर अपडेट होने में कोई दिक्कतें नहीं आती है।
