विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, खड़े टैंकर से टकराई बाइकें; दो युवकों की मौत

Published: Wed, 19 Aug 2026 01:49 PM (IST)Updated: Wed, 19 Aug 2026 07:25 PM (IST)

गाजियाबाद के कौशांबी थाना क्षेत्र में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर खड़े मदर डेयरी टैंकर से बाइक टकराने से दो युवकों की मौत हो गई।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

HighLights

  1. दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर खड़े टैंकर से बाइक टकराई।

  2. हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

  3. दो अन्य घायल, गुरुग्राम के निवासी थे मृतक।

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। कौशांबी थाना क्षेत्र में दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस वे (डीएमई) पर यूपी गेट के पास बुधवार तड़के दो बाइक मार्ग पर खड़े हुए ट्रक में जा भिड़ी। इस हादसे में दो किशोरों की मौत हो गई जबकि दो युवक घायल हो गए।

चारों लोग हरिद्वार से कांवड़ लेकर गुरुग्राम जा रहे थे। हादसे के बाद घायल डीएमई से गुजरने वाले वाहन चालकों को मदद के लिए रोकने का प्रयास करते रहे लेकिन कोई नहीं रूका।

बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर सभी को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दोनों बाइकों व ट्रक को कब्जे में लिया है। पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।

गुरुग्राम के सेक्टर-20 स्थित हनुमान मंदिर के पास रहने वाले सौरभ ने बताया कि वह अपने दोस्त बिहार मोतिहारी के रकसोल निवासी आकाश (18), बिहार गोपालपुर बेतिया निवासी प्रिंस (17) व नेपाल के पालसा निवासी कृष्णा (16) के साथ 16 अगस्त को कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार गए थे। 

krishna

मृतक कृष्ण की फाइल फोटो।

ट्रक खराब होने की बात आई सामने

बुधवार तड़के वह हरिद्वार से जल लेकर वापस गुरुग्राम लौट रहे थे। इस दौरान एक बाइक प्रिंस चला रहा था और कृष्णा पीछे बैठा था जबकि दूसरी बाइक आकाश के हाथ में थी और सौरभ पीछे बैठा था।

तड़के करीब छह बजे चारों डीएमई पर यूपी गेट के पास पहुंचे तो वहां बीच सड़क पर खराब ट्रक खड़ा हुआ था। रफ्तार तेज होने के व ट्रक दिखाई न देने के कारण प्रिंस की बाइक ट्रक में जा घुसी और पीछे आ रही दूसरी बाइक प्रिंस की बाइक से टकरा गई।

हादसे में प्रिंस व कृष्णा गंभीर चोट आई जबकि आकाश और सौरभ भी घायल हो गए। इस हादसे में प्रिंस की मौके पर मौत हो गई जबकि कृष्णा को अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

आकाश का उपचार जारी है जबकि सौरभ को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य का कहना है कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर जांच की जा रही है।

ट्रक को कब्जे में लिया गया है। शुरूआती जांच में ट्रक के खराब होने की बात सामने आई है। घटना के समय ट्रक पर चालक व परिचालक मौजूद नहीं थे। दोनों की तलाश की जा रही है।

prince

मृतक प्रिंस की फाइल फोटो


गोल्डन समय में मिलती मदद तो बच जाती जान

सौरभ ने बताया कि हादसे के बाद वह बुरी तरह से घबरा गए थे। वह और आकाश मदद के लिए चिल्लाते रहे और डीएमई से गुजरने वाले वाहनों को रोकने का प्रयास करते रहे लेकिन किसी ने उनकी मदद के लिए वाहन नहीं रोका।

इसके बाद उन्होंने सहायता के लिए एंबुलेंस सेवा पर नंबर मिलाया लेकिन वह भी नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी तो पांच मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने मौके पर दो एंबुलेंस को बुलाया और सभी को अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचाया। लेकिन घटना में कृष्णा व प्रिंस की मौत हो गई। यदि गोल्डन समय में मदद मिल गई होती तो दोनों की जान बच सकती थी।

चारों ने नहीं पहने हुए थे हेलमेट

कांवड़ लेने के लिए गुरुग्राम से हरिद्वार गए चारों दोस्तों ने हेलमेट नहीं लगाए थे। हादसे में दो की मौत का कारण भी हेलमेट न होना बना। दोनों के सिर पर ही गंभीर चोट आई हैं।

प्रिंस के बड़े भाई अरविंद ने बताया कि सभी के स्वजन ने उन्हें हेलमेट ले जाने के लिए कहा था लेकिन वह नहीं माने। यदि सभी ने हेलमेट लगाया होता तो शायद दो किशोरों की जान बच सकती थी।

हालत यह थी कि प्रिंस का सिर और चेहरा हादसे में बुरी तरह फट गया था और कृष्णा के सिर भी फट गया था। आकाश को भी सिर में गंभीर चोट आई है।