Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    साहिबाबाद में निर्माणाधीन साइट पर गार्ड ने नाबालिग को गोली मारी, मौके पर हो गई मौत

    By Jagran NewsEdited By: Sonu Suman
    Updated: Sun, 09 Aug 2026 04:04 PM (IST)

    साहिबाबाद में एक निर्माणाधीन साइट पर तैनात गार्ड ने एक नाबालिग को गोली मारकर हत्या कर दी। नाबालिग अक्सर साइट में घुसने का प्रयास करता था, जिसके बाद कह ...और पढ़ें

    साहिबाबाद में गार्ड ने नाबालिग की गोली मारकर की हत्या।

    साहिबाबाद में गार्ड ने नाबालिग की गोली मारकर की हत्या।

    HighLights

    1. साहिबाबाद में निर्माणाधीन साइट पर नाबालिग की गोली मारकर हत्या।

    2. गार्ड ने लाइसेंसी बंदूक से नाबालिग को गोली मारी, हुई मौत।

    3. पुलिस ने आरोपी गार्ड को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

    जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। थाना क्षेत्र में अर्थला स्थित एक निर्माणाधीन इमारत में रील बनाने गए किशोर को सुरक्षा गार्ड ने गोली मार दी। किशोर की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक के स्वजन ने किशोर के रील बनाने के लिए इमारत में जाने की बात कही है। वहीं, सुरक्षा गार्ड ने किशोर समेत कुछ युवकों पर सरिया चोरी करने का आरोप लगाया है। पुलिस आरोपित सुरक्षा गार्ड को हिरासत में लेकर मामले की जांच में जुटी है।

    अर्थला नीलमणी कालोनी में नबी मोहम्मद परिवार के साथ रहे हैं। उनका बेटा समीर (17) लखनऊ में वेल्डिंग का काम सीखता था। सावन मास के कारण वेल्डिंग का काम कम चल रहा था। इस कारण ठेकेदार ने उन्हें छुट्टी दे दी थी। रविवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे वह रील बनाने के लिए पास की निर्माणाधीन इमारत में चला गया। जहां सुरक्षा गार्ड ने उनपर गोली चला दी, गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

    उसे आनन-फानन में उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपित सुरक्षा गार्ड को हिरासत में लेकर बंदूक कब्जे में ले ली। एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि पुलिस पूछताछ में सुरक्षा गार्डन ने किशोर के इमारत से लोहा चोरी करके ले जाने की बात कही है।

    उसने किशोर को रोकने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं रुका। उसने डराने के उद्देश्य से गोली चला दी। गोली किशोर को जा लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। एसीपी साहिबाबाद ने बताया कि शव पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है। स्वजन ने मारपीट का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मारपीट व अन्य चोट की जानकारी हो जाएगी। स्वजन की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

    खबरें और भी

    भाई ने लगाया मारपीट का आरोप

    समीर के बड़े भाई यूसुफ चिकन शॉप पर काम करते थे। सावन मास के कारण दुकान बंद है। फिलहाल वह बाइक टैक्सी चलाते हैं। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले समीर को नया मोबाइल दिलवाया था। सुबह करीब साढ़े 11 बजे वह टैक्सी चलाकर घर जा रहे थे। इस दौरान कालोनी में रहने वाले किशोर ने समीर को गोली मारने की जानकारी दी। वह अपने ताऊ के बेटे फहीम के साथ मौके पर पहुंचे। आरोप है कि चार युवक छोटे भाई को पीट रहे थे। उनके शोर मचाने पर युवक भाई को गोली मारकर भाग गए। समीर के शरीर पर कोई जगह चोट के निशान थे।

    तीन भाइयों में मंझला था समीर

    मृतक के पिता नबी अहमद ऑटो चालक हैं। उनके तीन बेटे थे। बड़ा बेटा यूसुफ बाइक टैक्सी चलाता है। मंझला बेटा समीर लखनऊ में वेल्डिंग का काम सीख रहा था जबकि छोटा बेटा अर्शिल कक्षा आठ का छात्र है। घटना से स्वजन और कालोनी के लोगों में गुस्सा है। स्वजन ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

    मोबाइल में मिली वीडियो

    यूसुफ ने बताया कि छोटे भाई को रील बनाने का शौक था। वह नया मोबाइल लेकर रील बनाने के लिए निर्माणाधीन इमारत में गया था। उसके मोबाइल में निर्माणाधीन इमारत में बनाई गई रील मिली हैं।

    यह भी पढ़ें- गाजियाबाद के ट्रांस हिंडन में रातभर नहीं आई लाइट, 30 हजार की आबादी प्रभावित