गाजियाबाद के ट्रांस हिंडन में रातभर नहीं आई लाइट, 30 हजार की आबादी प्रभावित
तेज बारिश के कारण ट्रांस हिंडन के विभिन्न इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे लोगों को रातभर गर्मी और अंधेरे में परेशानी झेलनी पड़ी। ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। ट्रांस हिंडन के विभिन्न इलाकों में शुक्रवार शाम हुई तेज वर्षा के कारण बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई। कहीं लाइन में फाल्ट हो गया तो कहीं जंपर फुंक गए। कई इलाकों में रातभर बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं हो सकी। इससे लोग गर्मी में परेशान रहे। वहीं, कई कालोनियों में अंधेरा छाया रहा।
वर्षा के कारण ट्रांस हिंडन के इंदिरापुरम, वैशाली, कौशांबी, शालीमार गार्डन, साहिबाबाद, बृज विहार, लोनी समेत तमाम इलाकों में फाल्ट हुए थे। शालीमार गार्डन में 33केवी लाइन में फाल्ट हो गया था। इससे यहां के आसपास के इलाकों की आपूर्ति ठप हो गई। देर रात तक भी आपूर्ति सामान्य नहीं हुई।
सुबह करीब चार बजे तक आपूर्ति सामान्य हो सकी। यहां की करीब 30 हजार की आबादी परेशान रही। वसुंधरा सेक्टर-पांच में बिजली का पोल टूटने के कारण आसपास के इलाकों की बिजली गुल हो गई। वसुंधरा सेक्टर-पांच, सात, नौ, 11 समेत ज्यादातर सेक्टर के लोग परेशान रहे।
विद्युत कर्मी पोल बदलने में जुटे रहे। रात करीब एक बजे बिजली आपूर्ति सामान्य हुई। लोगों को गर्मी व अंधेरे में ही रहना पड़ रहा है। इसके अलावा भी देर रात तक विभिन्न इलाकों में आपूर्ति सामान्य नहीं हो सकी। लोगों के इन्वर्टर भी एक-डेढ़ घंटे में ही डाउन हो गए। विद्युत निगम के अधिकारियों का कहना है कि अब सभी इलाकों में आपूर्ति है।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद वाले ध्यान दें! आज कई इलाकों में 6 घंटे बिजली रहेगी गुल, एरिया की पूरी लिस्ट देखें
शनिवार को विभिन्न इलाकों में गुल रही बिजली
ट्रांस हिंडन के इलाकों में शनिवार को भी बिजली का आना-जाना लगा रहा। करीब शटडाउन के कारण दो से तीन घंटे बिजली कटी तो कहीं पेड़ों की छंटाई का कार्य किया गया। कई इलाकों में छोटे-छोटे फाल्टों से चार घंटे तक बिजली गुल रही। इंदिरापुरम के न्याय खंड-दो व तीन में करीब साढ़े चार घंटे बिजली कटी। हालांकि विद्युत निगम के अधिकारियों का कहना है कि कुछ इलाकों में ही बिजली कटी थी।
रात में जिन इलाकों में फाल्ट हुए थे उन्हें ठीक करने के लिए कर्मी तुरंत जुट गए थे। कुछ इलाकों में बड़े फाल्ट होने के कारण समय लग गया। अब आपूर्ति सामान्य है।
-बृजेश कुमार, मुख्य अभियंता, विद्युत निगम जोन-तीन