Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    फतेहपुर में रूह कंपा देने वाला हत्याकांड; चीखें दबाने को 'डीजे' बजा किसान को मार डाला, ग्राम प्रधान समेत 6 गिरफ्तार

    Updated: Mon, 11 May 2026 07:16 PM (IST)

    फतेहपुर में किसान फूल सिंह लोधी की निर्मम हत्या के बाद परिजन सभी आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर रहे हैं। उनका आरोप ...और पढ़ें

    फूल सिंह लोधी की फाइल फोटो व पुलिस व सपा नेता को घटना के बारे में जानकारी देते दिवंगत के भाई जय सिंह लोधी। जागरण

    फूल सिंह लोधी की फाइल फोटो व पुलिस व सपा नेता को घटना के बारे में जानकारी देते दिवंगत के भाई जय सिंह लोधी। जागरण 

    HighLights

    1. नौ मई की रात किसान को घेरने के बाद कुल्हाड़ी से काटकर हुई थी हत्या 

    2. शरीर में 26 चोटों की पुष्टि, हत्यारोपितों पर होगी गैंग्सटर की कार्रवाई 

    3. ग्राम प्रधान, इसके पिता व भाइयों की गिरफ्तारी पर शांत हुए स्वजन 

    संवाद सहयोगी, खागा(फतेहपुर)। फतेहपुर में ग्राम प्रधान और उसके साथियों ने एक किसान की कुल्हाड़ी और लाठियों से पीटकर हत्या कर दी। वारदात के दौरान चीखें दबाने के लिए आरोपियों ने तेज आवाज में डीजे बजाया था। अब ग्रामीणों व स्वजन ने सभी आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाने और पुलिस पर लापरवाही की कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

    धरमंगदपुर नरवा गांव में किसान फूल सिंह लोधी हत्या से आक्रोशित स्वजन रविवार सुबह नौ बजे से दरवाजे पर शव रखकर आरोपितों की गिरफ्तारी व घर बुलडोजर से ढहाने की मांग कर अड़ गए। मौके पर पहुंचकर खागा इंस्पेक्टर ने समझाने का प्रयास किया लेकिन स्वजन नहीं माने। आठ घंटे बाद शाम पांच बजे सीओ दुर्गेशदीप व नायब तहसीलदार अरविंद कुमार ने मौके पर पहुंचकर आश्वासन दिया कि हत्यारोपित ग्राम प्रधान समेत सभी छह हत्यारोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है तब स्वजन अंतिम संस्कार को तैयार हुए।

    नौ मई को हुई थी हत्या

    खागा कोतवाली के धरमंगदपुर नरवा गांव में रहने वाले किसान फूल सिंह लोधी की नौ मई की रात ग्राम प्रधान अपने पिता व चार भाइयों के साथ घेरकर कुल्हाड़ी व डंडे से प्रहार कर मार डाला था। दिवंगत की पत्नी रमा देवी की तहरीर पर पुलिस ने ग्राम प्रधान भूपेंद्र सिंह उर्फ मदन, इसके भाइयों योगेंद्र सिंह उर्फ बाडी, धीरेंद्र, शैलेंद्र सिंह, पवन सिंह व पिता नवलकिशोर पर मुकदमा दर्ज कराया था।

    26 चोटों के निशान

    पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दिवंगत के शरीर में हाथ-पैर समेत 26 चोट के निशानों की पुष्टि की गई है। शनिवार देर शाम पोस्टमार्टम बाद स्वजन शव लेकर घर चले गये। रविवार सुबह नौ बजे से दरवाजे पर शव रखकर अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया। दिवंगत की पत्नी रमा देवी, बेटी रोशनी, बेटे अमन, छोटे भाइयों जय सिंह व शिव सिंह ने हत्यारोपितों की गिरफ्तारी, घर पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई की मांग रख दी।

    खबरें और भी

    गैंग्स्टर की कार्रवाई का आश्वासन

    कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय मय फोर्स पहुंचकर समझाया कि सभी छह आरोपितों को हिरासत में लिया जा चुका है लेकिन स्वजन मांग कर रहे थे कि पहले हत्यारोपितों को दिखाओ.. तब अंतिम संस्कार करेंगे। देर शाम पांच बजे नायब तहसीलदार व सीओ के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हो गये। तब पांच बजे के बाद शव का अंतिम संस्कार किया। इंस्पेक्टर ने बताया कि हत्यारोपितों पर गैंग्स्टर की कार्रवाई की जाएगी।

    डर दिखा कई परिवारों को चुप कराया

    दिवंगत के भाइयों, पत्नी व पुत्र-पुत्रियों का आरोप था कि बताया कि घटनाएं करने के बाद डर दिखाकर हत्यारोपितों ने कई पीड़ित परिवारों को चुप करा दिया। दिवंगत के पुत्र अमन को डेढ़ वर्ष पूर्व दीपावली के दिन हत्यारोपितों ने रास्ते पर बंधक बनाकर मारापीटा। पुत्री से अभद्र व्यवहार करते हैं। सात मई को दिवंगत के छोटे भाई जय सिंह को भूमि विवाद के चलते पीटा लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की इतिश्री कर ली। हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं की। जिससे हौसला बढ़ने से किसान की हत्या कर दी।

    ...तो डीजे की ध्वनि में दब गई चीख

    ग्रामीणों ने बताया कि हत्यारोपितों के पास निजी डीजे है, जिसकी वह शादी-विवाह में बुकिंग करते हैं। घटना वाली शाम ग्राम प्रधान के दरवाजे पर तेज आवाज में डीजे बजा रहा था। उन्होंने समझा कि बुकिंग में जाने से पहले डीजे की जांच हो रही है। देर रात किसान की हत्या किए जाने की बात पता चली तब ग्रामीणों को डीजे बजाने का कारण पता चल सका। ग्रामीणों ने बताया यदि डीजे न बज रहा होता तो दिवंगत फूल सिंह की चीख और गोली चलने की आवाज जरूर सुनाई देती। भाजपा नेता रघुवीर लोधी, सपा नेता रामतीर्थ परमहंस व रत्नेश रत्ना ने पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया।

     

    ग्राम प्रधान समेत सभी छह हत्यारोपितों को हिरासत में ले लिया गया है और पूछताछ की जा रही है। विवेचना दौरान कुछ नाम और प्रकाश में आए हैं, उनके नाम भी मुकदमे में बढ़ाने की कार्रवाई की जायेगी।
    अभिमन्यु मांगलिक, एसपी

     

    यह भी पढ़ें- खौफनाक! बेवफाई के शक में प्रेमी बना हैवान, फतेहपुर में शारीरिक संबंध बना 10 मिनट तक गला दबा प्रेमिका को मार डाला

    यह भी पढ़ें- प्यार, तकरार और फिर थाने में रार! युवती की शिकायत पर बरात निकासी के समय दूल्हा गिरफ्तार, समझौते के बाद सात फेरे