फर्रुखाबाद: CM योगी ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया हवाई सर्वे, 31 परिवारों को दिया जमीन का पट्टा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फर्रुखाबाद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया और पुलिस लाइन में बाढ़ पीड़ितों से ...और पढ़ें
HighLights
मुख्यमंत्री योगी ने फर्रुखाबाद में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वे किया।
995 पीड़ितों को राहत सामग्री, 31 को घर के पट्टे दिए।
पुलिस लाइन में भव्य राहत शिविर में पीड़ितों से मिले।
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वे करने के बाद करीब आधा घंटा विलंब से दोपहर 11:58 बजे हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर पहुंचे।
करीब 12:06 बजे परेड ग्राउंड में बनाए गए। राहत शिविर में पहुंचकर उन्होंने बाढ़ पीड़ितों के बीच जाकर उनसे संवाद किया। 995 बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री और 31 उन लोगों को जिनके घर बाढ़ में बह गए हैं, उन्हें पट्टा के अभिलेख दिए।
सीएम योगी का हेलीकॉप्टर दिखाई तो दिया, लेकिन ऊंचाई काफी अधिक थी। हेलीकॉप्टर से हवाई सर्वेक्षण कर फर्रुखाबाद के पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड की तरफ वापस हो गया।
10 हजार लोगों के बैठने की थी व्यवस्था
कार्यक्रम के लिए जिला प्रशासन की ओर से पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में भव्य पंडाल बनाया गया। इसमें 10 हजार से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई। आयोजन स्थल पर आने वाले लोगों के वाहनों के लिए 12 स्थानों पर पार्किंग स्थल बनाए गए हैं।

बता दें कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम पहले इटावा-बरेली हाईवे रामगंगा पुल और डबरी गांव के बीच आयोजन स्थल चयनित किया था, लेकिन भारी वर्षा के कारण वहां जलभराव हो गया।
उसके बाद मंगलवार को तय किया गया कि जिला मुख्यालय पर पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड को चयनित किया गया। उसके बाद से ही जिला प्रशासन ने युद्ध स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी थीं।
इंटरलॉकिंग कर सड़क बनाया गया
रातोरात सिविल लाइन मड़ैया तिराहा से पुलिस लाइन के मैदान तक इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण करवा दिया गया है। पूरे मैदान की सफाई कर वहां पर लखनऊ की संस्था द्वारा विशाल वाटरप्रूफ पंडाल तैयार कराया गया।
