विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

त्योहार से पहले वाराणसी-मिर्जापुर के यात्रियों को रेलवे का तोहफा, अब नारायणपुर बाजार तक चलेगी प्रयागराज-दादरी स्पेशल

Published: Fri, 04 Sep 2026 03:23 PM (IST)

रेलवे ने त्योहारी सीजन से पहले वाराणसी और मिर्जापुर जाने वाले यात्रियों के लिए प्रयागराज-दादरी सुपरफास्ट स्पेशल को नारायणपुर बाजार तक विस्तारित किया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. प्रयागराज-दादरी स्पेशल ट्रेन का नारायणपुर बाजार तक विस्तार।

  2. वाराणसी, मिर्जापुर, चुनार यात्रियों को मिलेगा नया रेल विकल्प।

  3. त्योहारी सीजन और नवरात्र में विंध्याचल जाने वालों को सुविधा।

जागरण संवाददाता, इटावा। वाराणसी और मिर्जापुर जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने त्योहारी सीजन से पहले सुविधा बढ़ा दी है। उत्तर मध्य रेलवे ने प्रयागराज-दादरी सुपरफास्ट स्पेशल को सप्ताह में तीन दिन नारायणपुर बाजार तक विस्तारित करने का निर्णय लिया है। नारायणपुर बाजार वाराणसी का निकटवर्ती स्टेशन है। ट्रेन के इस विस्तार से इटावा व आसपास के यात्रियों को बनारस, मिर्जापुर, चुनार और विंध्याचल क्षेत्र के लिए नया रेल विकल्प मिलेगा।

गाड़ी संख्या 04163 नारायणपुर बाजार-दादरी सुपरफास्ट स्पेशल 17 अक्टूबर से 15 दिसंबर तक मंगलवार, बुधवार और शनिवार को इटावा चलेगी। यह ट्रेन नारायणपुर बाजार से शाम छह बजे चलकर चुनार, मिर्जापुर, मेजा और प्रयागराज होते हुए अगले दिन सुबह 7:15 बजे दादरी पहुंचेगी।

इटावा और टूंडला जंक्शन पर भी होगा ठहराव 

वापसी में 04164 दादरी-नारायणपुर बाजार सुपरफास्ट स्पेशल 16 अक्टूबर से 14 दिसंबर तक सोमवार, मंगलवार और शुक्रवार को रात 10:15 बजे दादरी से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 11:05 बजे नारायणपुर बाजार पहुंचेगी। जिसका ठहराव इटावा और टूंडला जंक्शन पर भी होगा।

इससे इटावा और टूंडला से दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए यह ट्रेन पहले से उपयोगी है। अब इसके नारायणपुर बाजार तक विस्तार से वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों तक आने-जाने का विकल्प बढ़ जाएगा। मिर्जापुर और चुनार में ठहराव होने से विंध्याचल जाने वाले श्रद्धालुओं को भी सहूलियत मिलेगी। नवरात्र के दौरान विंध्यवासिनी मंदिर जाने वाले यात्रियों के लिए यह ट्रेन खास उपयोगी साबित हो सकती है।

यह भी पढ़ें- गाजीपुर में बनेगा एक्सप्रेस-वे जंक्शन, 47 गांवों की जमीन का गजट जारी; भूमि अधिग्रहण पर 10 दिन में मांगी आपत्ति

रेलवे के अनुसार जिन दिनों 04163/04164 नारायणपुर बाजार से संचालित होगी, उन दिनों 02417/02418 का प्रयागराज-दादरी संचालन नहीं होगा। यह व्यवस्था दशहरा, दीपावली और छठ पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए की गई है। रेलवे की योजना आगे अन्य ट्रेनों को भी नारायणपुर बाजार तक विस्तारित करने की है।