देवरिया में जन्माष्टमी के दिन ‘हाथी वाले बाबा’ के घर हथिनी ने दिया मादा बच्चे को जन्म, देखने को उमड़ी भीड़
लार रोड के सजांव गांव में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर 'हाथी वाले बाबा' पंडित श्रीप्रकाश धर द्विवेदी के घर एक हथिनी ने मादा बच्चे को जन्म दिया।

HighLights
जन्माष्टमी पर हथिनी ने मादा बच्चे को जन्म दिया।
'हाथी वाले बाबा' पंडित श्रीप्रकाश धर द्विवेदी के घर घटना।
नवजात को देखने के लिए उमड़ी लोगों की भारी भीड़।
संवाद सूत्र, लार रोड। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का दिन लार के सजांव गांव में उस समय खास बन गया, जब ‘हाथी वाले बाबा’ के नाम से प्रसिद्ध पंडित श्रीप्रकाश धर द्विवेदी के यहां हथिनी ने एक मादा बच्चे को जन्म दिया।
शुक्रवार भोर करीब तीन बजे हथिनी को प्रसव पीड़ा शुरू हुई। कुछ देर बाद उसने स्वस्थ मादा बच्चे को जन्म दिया। जन्म की खबर फैलते ही गांव में कौतूहल मच गया और सुबह से ही नवजात को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी।
हथिनी और उसके नवजात बच्चे को देखने के लिए गांव के साथ आसपास के क्षेत्रों और दूर-दराज से भी लोग पहुंचे। लोग बच्चे की एक झलक पाने के साथ उसकी तस्वीरें लेने के लिए भी उत्साहित नजर आए। दिनभर यहां लोगों का आवागमन बना रहा।
यह भी पढ़ें- बाढ़ के बाद दरकने लगीं 114 साल पुराने निर्मोही अखाड़े की दीवारें, रोजाना 1000 लोगों को भोजन कराने वाली अन्न सेवा बंद
ग्रामीणों का कहना है कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जैसे पावन अवसर पर हथिनी द्वारा मादा बच्चे को जन्म देना अपने आप में खास संयोग है। जन्माष्टमी के दिन हुई इस घटना की चर्चा पूरे क्षेत्र में होती रही। नवजात और हथिनी को देखने के लिए देर शाम तक लोग पहुंचते रहे।
