देवरिया के गांवों में अब फिटनेस की तैयारी, विधायक निधि से खुलेंगे आठ ओपन जिम
देवरिया के सलेमपुर विधानसभा क्षेत्र के आठ गांवों में विधायक निधि से 1.04 करोड़ रुपये की लागत से ओपन जिम स्थापित किए जाएंगे। यह पहल ग्रामीण युवाओं और आ ...और पढ़ें

AI Image.
HighLights
सलेमपुर विधायक विजय लक्ष्मी गौतम की पहल।
आठ गांवों में 1.04 करोड़ से ओपन जिम।
ग्रामीणों को गांव में ही मिलेगी फिटनेस सुविधा।
सुधांशु त्रिपाठी, देवरिया। ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं और आम लोगों को अब फिटनेस के लिए शहर की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा। प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री एवं सलेमपुर विधायक विजय लक्ष्मी गौतम ने गांवों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में पहल करते हुए विधानसभा क्षेत्र के आठ गांवों में ओपन जिम स्थापित कराने का प्रस्ताव दिया है। विधायक निधि की पहली किश्त से इन जिम सेंटरों के निर्माण पर करीब 1.04 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे ग्रामीणों को अपने ही गांव में नियमित व्यायाम की सुविधा मिल सकेगी।
शासन की ओर से विधायक निधि के अंतिम वर्ष की पहली किश्त के रूप में 2.50 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। विधायक ने इस धनराशि के उपयोग में ग्रामीण क्षेत्रों की जरूरतों के साथ लोगों के स्वास्थ्य को भी प्राथमिकता दी है। पहले चरण में आठ गांवों में ओपन जिम की स्थापना का प्रस्ताव भेजा गया है। प्रत्येक केंद्र के लिए करीब 13 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। जिम में विभिन्न प्रकार के व्यायाम उपकरण लगाए जाएंगे, जिससे युवाओं को नियमित कसरत के लिए बेहतर सुविधा मिल सके।
ग्रामीण क्षेत्रों में निजी जिम की संख्या कम होने के कारण युवाओं को व्यायाम के लिए कस्बों और शहरों का सहारा लेना पड़ता है। निजी जिम की फीस भी कई परिवारों के लिए अतिरिक्त आर्थिक बोझ बनती है। ओपन जिम की स्थापना से इस समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। गांव में सार्वजनिक स्थान पर व्यायाम की सुविधा उपलब्ध होने से युवा अपने समय के अनुसार कसरत कर सकेंगे।
इस पहल का लाभ केवल युवाओं तक सीमित रहने की उम्मीद नहीं है। ओपन जिम में उपलब्ध सुविधाओं का इस्तेमाल महिलाएं, बुजुर्ग और किशोर भी अपनी जरूरत के अनुसार कर सकेंगे। ग्रामीणों का मानना है कि इससे स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और लोगों की दैनिक दिनचर्या में व्यायाम को शामिल करने की आदत विकसित होगी। लंबे समय में यह पहल गांवों में फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने में मददगार साबित हो सकती है। विधायक निधि से स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ क्षेत्र की अन्य जरूरतों पर भी काम कराने की तैयारी है।
खबरें और भी
मझवलिया, माड़ोपार, रैनी मठिया, इंदौली और पुरैना महानपुर में मिट्टी-खड़ंजा निर्माण के प्रस्ताव दिए गए हैं। वहीं लार में आक्सीजन प्लांट स्थापित करने, करौता में संदीप कुमार गोंड स्मृति द्वार बनवाने तथा सलेमपुर तहसील में लेखपाल संघ भवन के निर्माण की योजना भी शामिल है।
यह भी पढ़ें- देवभूमि से विकास की नई उड़ान, माफियाराज के खात्मे के साथ बदला देवरिया; मेडिकल कॉलेज और कनेक्टिविटी से संवर रहा भविष्य
इन गांवों में खुलेंगे ओपेन जिम
- भागलपुर ब्लाक के इंदौली में आरआरसी सेंटर के पास
- सलेमपुर ब्लाक के टेकनपुरा में रोड के पास
- सलेमपुर के प्राथमिक विद्यालय चकिया
- सलेमपुर के मधवापुर में सरस्वती मंदिर के प्रांगण
- पिपरा मिश्र में प्राथमिक विद्यालय का प्रांगण
- लार ब्लाक के चुरिया प्राथमिक विद्यालय
- लार ब्लाक के पड़री गजराज प्राथमिक विद्यालय
- सलेमपुर ब्लाक के गौरी श्रीनगर प्राथमिक विद्यालय
ओपन जिम की व्यवस्था से ग्रामीण युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में सहूलियत होगी। व्यायाम की सुविधाएं गांव में ही उपलब्ध होने से न सिर्फ समय और पैसे की बचत होगी, बल्कि लोगों में नियमित व्यायाम के प्रति रुचि भी बढ़ सकती है। मैंने अपनी विधायक निधि से इन कार्यों के माध्यम से सलेमपुर विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य और लोगों की जरूरतों को पूरा करने का प्रयास किया है।
-विजय लक्ष्मी गौतम, राज्य मंत्री, प्रदेश सरकार
ग्रामीण क्षेत्रों में ओपेन जिम के खुलना प्रदेश सरकार की अच्छी पहल है। इससे गांव के युवाओं को गांव में ही योग की सुविधा मिलेगी। साथ ही उन्हें इसके लिए कोई अतिरिक्त रुपये खर्च नहीं करना पड़ेगा।
-राजेश कुमार सिंह मुख्य विकास अधिकारी