देवरिया में फर्जी शादी करा कर 1.10 लाख रुपये की ठगी, दो महिलाएं गिरफ्तार
देवरिया में फर्जी शादी कराकर 1.10 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में भलुअनी पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 40 हजार रुपये ...और पढ़ें

HighLights
देवरिया में फर्जी शादी कराकर 1.10 लाख रुपये की ठगी।
भलुअनी पुलिस ने दो आरोपी महिलाओं को किया गिरफ्तार।
गिरफ्तार महिलाओं से 40 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
जागरण संवाददाता, देवरिया। फर्जी शादी करा कर 1.10 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में भलुअनी पुलिस ने रविवार को दो महिलाओं को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 40 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं। मामले में गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, हरियाणा के सोनीपत निवासी रविंद्र ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 24 जुलाई को तरकुलहा स्थित एक मैरेज हाल में मीना देवी और गीता देवी ने उसकी शादी एक युवती से कराई। आरोप है कि शादी के बाद महिलाओं ने फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर उससे 1.10 लाख रुपये वसूल लिए और फरार हो गईं।
शिकायत के आधार पर भलुअनी थाने में दोनों महिलाओं के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। रविवार को पुलिस ने करमटार शेरखां गांव के पास से दोनों आरोपित महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान मीना देवी उम्र 45 निवासी हरनेटा तथा गीता देवी उम्र 48 वर्ष निवासी परसिया तिवारी, थाना बरहज के रूप में हुई है।
पुलिस ने उनके पास से 40 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं, जिसके आधार पर धारा मुकदमे में बढ़ाई गई है। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि फर्जी शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।