देवरिया नशा मुक्ति केंद्र में तीन दिन में दूसरी मौत, परिजनों ने लगाया ओवरडोज का आरोप
देवरिया के एक नशा मुक्ति केंद्र में 39 वर्षीय रितेश राव की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई, जिससे शहर में सनसनी फैल गई। यह तीन दिनों में उसी कें ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
देवरिया नशा मुक्ति केंद्र में दूसरी संदिग्ध मौत।
परिजनों ने ओवरडोज दवा देने का आरोप लगाया।
पुलिस जांच जारी, पोस्टमार्टम में विसरा सुरक्षित।
जागरण संवाददाता, देवरिया। बेलडाड़ मार्ग स्थित नशा मुक्ति केंद्र में एक और युवक की मृत्यु से सनसनी फैल गई। तीन दिन पहले हुई एक युवक के मृत्यु की पहेली अभी सुलझी भी नहीं थी कि सोमवार की रात दूसरे युवक की भी रहस्यमय हालत में मृत्यु हो गई। मृतक के स्वजन ने केंद्र संचालक पर ओवरडोज दवा देने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी है।
पुलिस इस मामले की छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम में मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं होने के कारण विसरा सुरक्षित किया गया है। बीते 22 मई को भी कोतवाली क्षेत्र के तिलई बेलवा गांव के सुरेश यादव 38 वर्ष पुत्र लाल बचन की रहस्यमय हालत में मृत्यु हो गई थी। पुलिस ने मामले में पोस्टमार्टम के बाद बिसरा जांच के लिए भेजा है।
शहर के राघवनगर के रहने वाले 39 वर्षीय रितेश राव पुत्र सुरेश राव को 11 मई को बेलडाड़ रोड स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था। 25 मई की शाम स्वजन के पास नशा मुक्ति केंद्र से फोन आया कि उनकी तबीयत खराब है, घर ले जाइए।
स्वजन जब नशा मुक्ति केंद्र पहुंचे तो रितेश की हालत गंभीर थी। स्वजन उन्हें तुरंत महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज अस्पताल की इमरजेंसी ले गए। वहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उसके बाद परिवार में चीख पुकार मच गई।
खबरें और भी
मां बोलीं- बीटेक किया था मेरा बेटा
मृतक की मां गायत्री राव ने बताया कि उनके इकलौते बेटे रितेश ने बीटेक किया था। बेंगलुरु की एक कंपनी में जाब करता था। 7-8 साल पहले नशे की लत लगने के बाद नौकरी छूट गई थी। तभी से हम लोग उसका नशा छुड़ाने के लिए परेशान थे। हमें क्या पता था कि नशा छुड़ाने के चक्कर में उसकी जान चली जाएगी।
चचेरे भाई ने लगाया गंभीर आरोप
चचेरे भाई आशुतोष राव ने आरोप लगाया कि केंद्र में दवाओं का ओवरडोज देने से रितेश की मौत हुई है। उन्होंने संचालक के विरुद्ध जांच करके कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि कोतवाली पुलिस को घटना की तहरीर दी गई है।
डाक्टरों की दो सदस्यीय टीम ने किया पोस्टमार्टम, हुई वीडियोग्राफी
रितेश के शव का पोस्टमार्टम दो डाक्टरों की टीम ने किया। शरीर पर कहीं चोट के निशान नहीं पाए गए। मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं हाेने पर बिसरा सुरक्षित किया गया। उसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी कराई गई। जिससे पोस्टमार्टम पर सवाल न खड़ा कर सके।
पोस्टमार्टम हाउस से घर तक लोगों की रही भीड़
घटना की जानकारी होने पर पोस्टमार्टम हाउस से लेकर घर तक लोगों की भीड़ लगी रही। रितेश का परिवार शहर का प्रतिष्ठित परिवार माना जाता है। ऐसे में जिसे भी घटना की जानकारी हुई वह पोस्टमार्टम हाउस व उनके घर पहुंच कर स्वजन को सांत्वना दिया। राघव नगर में उनके घर पर लोगों के जाने के कारण जाम लगा रहा।
घटना के संबंध में सूचना मिली है। तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों का पता चल सकेगा।
-संजय कुमार रेड्डी, सीओ सीटी